बागेश्वर। समाज कल्याण विभाग ने शिविर लगाकर दिव्यांगों के विशिष्ट पहचान पत्र (यूडीआईडी कार्ड) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाया। शिविर में 97 दिव्यांगों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया।
कार्ड बनवाने के लिए तहसील परिसर में सुबह से लोगों की भीड़ लगी रही। परिजन दिव्यांगों को लेकर तहसील पहुंचे। जिले भर में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं समेत करीब 2700 दिव्यांग हैं। इनमें 650 लोगों का पूर्व में यूनीक आईडी कार्ड के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया जा चुका है। यूनीक आईडी कार्ड बनने पर दिव्यांगों को प्रमाणपत्रों को लेकर नहीं घूमना पड़ेगा। मात्र आईडी कार्ड से काम चल जाएगा। इसकी मान्यता पूरे देश में होगी। कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजन सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पा सकेंगे। कार्ड बनने से दिव्यांगों को मुफ्त यात्रा, पेंशन, सरकारी योजनाओं का आसानी से लाभ मिलेगा।
बागेश्वर। यूडीआईडी कार्ड के लिए तहसील परिसर में लगे शिविर में दिव्यांगों को परिजन गोद में लेकर आए। सातरतबे से अपनी 21 वर्षीय बेटी चांदनी को लेकर पहुंची गीता देवी ने बताया कि उनकी बेटी जन्म से दिव्यांग है। इससे पहले उन्हें यूनीक आईडी कार्ड की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनकी दिव्यांग बेटी को समय पर सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। तीन साल से दिव्यांग बेटी के लिए व्हीलचेयर तक नहीं मिल पाई है।