बागेश्वर। कोरोना संक्रमण के चलते देश में जिंदगी ठहर सी गई है। उद्योग धंधे, व्यापार सब पर इसका असर पड़ रहा है। लोगों की रोजीरोटी छिन गई है। कोरोना सब्जी के पौध बेचकर वर्षभर में कुछ कमाई करने वाले लोगों पर भी भारी पड़ा है। सब्जी की पौध बिक नहीं पा रहे हैं। हर साल की तरह ही इस बार भी सब्जी की पौध बेचने वाले किसानों ने अच्छी आय की उम्मीद लगाई थी।
लॉकडाउन के चलते सुबह 7 बजे से दोपहर एक बजे तक किसान सब्जी की पौध बेचने के लिए बाजार में आ रहे हैं लेकिन पौध बिक नहीं पा रही हैं। बागेश्वर में मिर्च, बैगन, टमाटर के पौधे बेचने लाए ठेलापाटन निवासी दर्शन सिंह कनवाल ने बताया कि अन्य वर्षों में रोज दो सौ गड्डी पौध बिक जाती थी। इस बार 20-25 गड्डी से अधिक नहीं बिक पा रही हैं। एक गड्डी 10 रुपये की बेच रहे हैं। बताते हैं कि हर साल करीब 20 हजार रुपये के पौध बेच लेते थे। इस बार 2-3 हजार के पौध बेचना भी मुश्किल लग रहा है। संवाद