बागेश्वर। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के लिए प्रदेश सरकार पर कांग्रेस का हमला तेज होता जा रहा है। जिला मुख्यालय की सड़कों पर कांग्रेस ने न्याय यात्रा निकाली और अंकिता हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
बुधवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बस स्टेशन के पास गांधी पार्क से न्याय यात्रा निकाली। नगर में प्रदेश सरकार और वीआईपी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यात्रा एसबीआई तिराहे, चौक बाजार, सरयू पुल, कांडा रोड, दुग बाजार होते हुए नुमाइशखेत मैदान पहुंची। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि कांग्रेस ने अंकिता की हत्या के बाद भी पदयात्रा निकालकर वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। भाजपा की महिला मोर्चा ने तब भी पुतले जलाए थे आज भी वही किया जा रहा है। कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार मामले में कार्रवाई करने की बजाय शर्मनाक बयानबाजी कर रही है। कहा भाजपा के प्रदेश प्रभारी अगर निर्दोष हैं तो उन्हें स्वयं आगे आकर अपनी जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता के द्वार पर जा रही है। अंकिता को न्याय दिलाने के लिए पार्टी गांव-गांव जाकर न्याय यात्रा निकाल रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने कहा कि जब तक मामले की उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई जाएगी, कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी। इस मौके पर पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत डसीला, गोपा धपोला, राजेंद्र टंगड़िया, राजेंद्र परिहार, बालकृष्ण, सुनील भंडारी आदि मौजूद रहे।