बागेश्वर। जिले के 20 इंटर कॉलेजों के छात्र अब स्मार्ट क्लास में बैठकर शिक्षा ग्रहण करेंगे। डीएम विनीत कुमार ने उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा के लिए नवीन पहल करते हुए स्मार्ट क्लास प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट कक्षा में पढ़ने से बच्चों को समझने में आसानी होगी। विभिन्न विषयों के तकनीकी पहलुओं को समझने में भी मदद मिलेगी।
डीएम ने स्मार्ट क्लास प्रोजेक्ट के पहले चरण में शिक्षा विभाग को 12 लाख 57 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की थी। इसकी मदद से चयनित विद्यालयों में 55 इंच की एलसीडी डिस्प्ले लगाई गई और स्मार्ट कक्षा के लिए उच्च गुणवत्तायुक्त कंटेंट भी बनाया गया। शुक्रवार को डायट सभागार में प्रोजेक्ट का शुभारंभ करते हुए डीएम ने सभी शिक्षकों से ऑनलाइन कंटेंट के लिए अपने फीडबैक देने के लिए कहा, ताकि बच्चों को बेेहतर और सुगमतापूर्वक शिक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास शिक्षक का विकल्प नहीं हो सकता, लेकिन यह विषय को सरल, रुचिकर बनाने के साथ तकनीकी पहलुओं की जानकारी देने में मददगार साबित होगा। कहा कि स्मार्ट क्लास प्रोजेक्ट को धीरे-धीरे पूरे जिले में विस्तार दिया जाएगा। वर्तमान में यह कक्षा नौ से 12 तक के लिए शुरू किया जा रहा है। आने वाले दिनों में इसे बढ़ाकर सभी कक्षाओं के लिए लागू किया जाएगा। स्मार्ट क्लास प्रोजेक्ट के शुभारंभ पर सीईओ पदमेंद्र सकलानी, डीईओ माध्यमिक नरेश शर्मा, एसडीएम योगेंद्र सिंह सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षक मौजूद रहे। संचालन डायट प्रवक्ता कैलाश प्रकाश चंदोला ने किया।