बागेश्वर। भूस्खलन से बंद कपकोट-शामा-तेजम राज्य मार्ग को खुलवाने के लिए ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू ईई को लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को वर्षों से बंद कल्वर्ट खुलवाने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग को हल्के वाहनों के लिए खुलवाया।
पिछले दिनों हुई भारी बारिश से कपकोट के आधा दर्जन से अधिक मोटर मार्ग भूस्खलन, पहाड़ी गिरने, मलबा आने और सुरक्षा दीवार ध्वस्त होने से बंद पड़े हैं। कपकोट-शामा-तेजम राज्य मार्ग भी किमी 47 से सीरी के लिए बन रहे मोटरमार्ग टूटने से क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के चलते दोनों सड़कों पर यातायात ठप हो गया। राज्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही से बागेश्वर से पिथौरागढ़ आने-जाने वालों को परेशानी हो रही थी। विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने इसका संज्ञान लेते हुए ब्लॉक प्रमुख को मौके पर जाकर सड़क खुलवाने के लिए कहा। प्रमुख सीरी मोटरमार्ग की कार्यदायी संस्था वैपकोष के ईई विशन लाल को लेकर मौके पर गए। निरीक्षण के बाद दो बड़ी पोकलैंड मशीन मंगवाकर पहाड़ काटने और जल्द यातायात सुचारु करने के निर्देश दिए। प्रमुख दानू ने बताया कि मार्ग में छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारु करा दी गई है। भारी वाहनों के लिए मार्ग को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी है। इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख कविंद्र गढ़िया, भगवत दानू, हिम्मत ऐठानी, गजेंद्र कोरंगा, विशन सिंह आदि भी मौजूद रहे।