कपकोट (बागेश्वर)। बीसूका क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया ने कपकोट के कनलगढ़ घाटी में निर्माणाधीन योजनाओं का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने गोलना ग्राम पंचायत में किसानों को कृषि यंत्र भी वितरित किए।
बीसूका उपाध्यक्ष गढ़िया ने कन्यालाकोट, हरसीला, बैसानी और गोलना गांव में पीएमजीएसवाई, जल जीवन मिशन, मनरेगा और कृषि से संबंधित योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ मोटर मार्गों में खामियां पाई जाने पर पीएमजीएसवाई और ब्रिडकुल के अधिकारियों को सड़कों की दशा सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने गोलना में हुए कार्यक्रम में किसानों को उद्यान विभाग की परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत स्प्रे मशीन, जैविक खाद, बॉटनिकल किट, जैविक रसायन आदि का वितरण किया। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने को कहा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, ग्राम प्रधान आनंद साही, जिला उद्यान अधिकारी आरके सिंह, बीडीओ गंगा गिरी गोस्वामी, उद्यान प्रभारी एनएस गढ़ियार आदि मौजूद रहे।