बागेश्वर। राजकीय पीजी कॉलेज के खेल मैदान में दो दिनी अंतर महाविद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में डिग्री कॉलेज बागेश्वर और डिग्री कॉलेज सोमेश्वर की टीमों के बीच टक्कर हुई। बागेश्वर की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहला मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता में पांच टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
रविवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. अंजू अग्रवाल, विवि के क्रीड़ाधिकारी लियाकत अली और क्रीड़ा प्रभारी संजय कुमार टम्टा ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरकर अच्छा खेल दिखाने और खेल भावना का परिचय देने को कहा। प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा और डिग्री कॉलेज लोहाघाट के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा की टीम विजेता रही। सोमवार को प्रतियोगिता के नॉक आउट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर डॉ. एसएम भट्ट, बृजेश तिवारी, भूपेंद्र बिष्ट, गीता बिष्ट, गोविंद मटियानी, मोहन उप्रेती, डॉ. रंजना साह, डॉ. भगवती नेगी आदि थीं।