बागेश्वर। जिले में बारिश और बिजली गिरने के कारण 35 गांवों में करीब 19 घंटे बिजली की आपूर्ति ठप रही। बिजली न होन से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 35 गांवों के लोगों को बगैर बिजली के रात काटनी पड़ी। शनिवार शाम को करीब 4 बजे बारिश के चलते ऊर्जा निगम ने सुरक्षा दृष्टि से शटडाउन लिया था। दो घंटे बाद मौसम सही हुआ और आपूर्ति सुचारू की तो लाइन में फॉल्ट आने से कपकोट और गरुड़ ब्लॉक के 35 गांवों में बिजली व्यवस्था भंग हो गई। बताया गया है कि बिजली गिरने से विजयपुर-बनलेख के बीच छह डिस्क और एक पिन इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे रीमा-पचार लाइन में बास्ती सनगाड़, तुपेड़, बीसा, उडियार, जारती, पलायन, दोफाड़, दोया, भटनिकोट खुलदौड़ी, रीमा, पचार, चिड़ंग समेत 25 गांवों में बिजली गुल हो गई। साथ ही लाइन में फॉल्ट आने से गरुड़ क्षेत्र में मन्यूड़ा, कनस्यारी, तिलसरी, सिमार, लखनी समेत दस गांवों की बिजली भी ठप हो गई। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडेय ने बताया कि गरुड़ क्षेत्र के दस गांवों की बिजली रविवार करीब 11 बजे सुचारू कर दी गई। कपकोट क्षेत्र में रविवार सुबह से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था। करीब दोपहर 12 बजे सभी गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई है।