रानीखेत (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट तहसील के सुदूवर्ती टोडरा पंपिंग पेयजल व्यवस्था के पाइप लाइनों की अव्यवस्था के चलते दुधोली सहित आसपास के गांवों में लंबे समय से पेयजल अव्यवस्था बनी हुई है। गुस्साए ग्रामीण चिलियानौला स्थित जल संस्थान कार्यालय रानीखेत आ धमके लेकिन यहां भी कोई अधिकारी नहीं मिले। ग्रामीणों का कहना है कि टोडरा पंपिंग पेयजल योजना के तहत ग्राम सभा दुधोली में डेढ़ इंच की पाइप लाइन को सूखदेवी टैंक से ही अलग कर दी जाए।
अधिशासी अभियंता को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि टोडरा पेयजल पंपिंग योजना की पाइप लाइनों में कई अव्यवस्थाएं हैं। योजना से प्रत्येक ग्राम सभाओं में डेढ़ इंच की पाइप लाइन दी गई है, लेकिन टोडरा, दूनागिरी मंदिर और दुधोली को एक ही पाइप लाइन दी गई है, जिस कारण आए दिन पानी की अव्यवस्था बनी रहती है, पिछले कई दिनों से गांवों में पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण ग्रामीण परेशान होकर रह गए हैं। इस आकर दुधोली और टोडरा में कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। पाइप लाइनों में छेड़ाखानी के चलते खासतौर पर दुधोली ग्राम सभा पानी से वंचित रह जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि दुधोली ग्राम सभा को भी अन्य गांवों की तर्ज पर सूखदेवी टैंक से डेढ़ इंच की पाइप लाइन अलग से दे दी जाए, इससे विवाद की स्थिति नहीं होगी। पूर्व में भी कई बार मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कहा कि अब उपेक्षा हुई तो आंदोलन होगा। यहां प्रधानन त्रिभुवन चंद्र, पूजा आगरी, कैलाश चंद्र, मोहन सिंह रावत, लछी राम, पूर्व प्रधान जोगा राम आदि थे।