बैराज में करोड़ों खर्च फिर भा लोग प्यासे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोसी में बैराज बन जाने के बावजूद अल्मोड़ा नगर में पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बरसात में जब भी कोसी नदी में उफान आता है पंप चलने बंद हो जाते हैं जिससे कई बार दो-दो दिन तक पानी की आपूर्ति ठप हो जाती है। इधर जल निगम ने करीब तीन माह पहले वर्तमान पंप हाउस के स्थान पर बैराज के निकट नौ करोड़ रुपये लागत से दूसरा पंप हाउस बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। बीते दिनों अल्मोड़ा आने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस प्रस्ताव को शीघ्र मंजूर करने की घोषणा की थी, लेकिन फिलहाल बजट मंजूर नहीं हुआ है।
उल्लेखनीय है कि कोसी में करीब 33 करोड़ रुपये लागत से बैराज बन जाने के बाद इस बार मई-जून में पीने के पानी की कमी नहीं रही, लेकिन इधर बरसात का सीजन शुरू होने के बाद बार-बार पानी का संकट उत्पन्न हो रहा है। तेज बारिश होने पर जैसे की नदी उफान पर आती है पंप चलने बंद हो जाते हैं और दो-दो दिन तक पानी की आपूर्ति ठप हो जाती है। जिससे लोगों को बैराज बन जाने का फायदा नहीं मिल रहा है। इस समस्या को लेकर विधायक मनोज तिवारी और जिलाधिकारी सविन बंसल ने बीते दिनों कई बार अधिकारियों के साथ बैठक की और समस्या के स्थायी समाधान के लिए विचार-विमर्श किया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जल निगम ने बीते दिनों बैराज के निकट करीब नौ करोड़ रुपये लागत से नया पंप हाउस बनाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया था। बीते दिनों अल्मोड़ा आने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इस प्रस्ताव को शीघ्र मंजूरी देने की घोषणा की थी लेकिन अभी तक इसके लिए धन स्वीकृत नहीं हुआ है। जल निगम और जल संस्थान के इंजीनियरों का मानना है कि बैराज के निकट नया पंप हाउस बन जाने के बाद बारिश होने पर बार-बार आपूर्ति बाधित होने की समस्या से निजात मिल जाएगा। नए पंप हाउस के निर्माण के साथ ही पुराने पंपों को बदलकर नए पंप लगाने की भी योजना है। इससे भी आपूर्ति में काफी सुधार आने की उम्मीद है।
नए पंप हाउस को अगस्त में मिल जाएगा बजट : तिवारी
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी ने बताया कि कोसी में नए पंप हाउस निर्माण के लिए करीब नौ करोड़ रुपये लागत की योजना को शीघ्र मंजूरी मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि अगस्त में इसके लिए बजट मंजूर हो जाएगा और बारिश समाप्त होते ही नए पंप हाउस का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पंप हाउस शिफ्ट होने के बाद समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।