{"_id":"5a7f27674f1c1b8e238b7c0c","slug":"smile-team-meet-children-to-their-mother-after-two-years","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्माइल टीम ने आठ साल बाद मां से मिलाया दो बिछड़े बच्चों को","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्माइल टीम ने आठ साल बाद मां से मिलाया दो बिछड़े बच्चों को
अमर उजाला ब्यूरो अल्मोड़ा।
Updated Sat, 10 Feb 2018 10:39 PM IST
विज्ञापन
स्माइल टीम द्वारा मिलाए गए मां और दो बेटियां।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की आपरेशन स्माइल टीम ने आठ साल पहले परिवार से बिछड़ी दो बालिकाओं को उनके परिवार से मिला दिया। यह दोनों बालिकाएं यहां बख में स्थित राजकीय किशोरी सदन में रह रही हैं। पुलिस ने जाड़ापानी (जिला पिथौरागढ़) में उनके परिवारजनों को खोजने के बाद उनसे दोनों बच्चों को मिलवा दिया। आठ साल बाद मिलने पर मां और बेटियों की खुशी का ठिकाना न रहा। परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं होने के कारण फिलहाल दोनों बच्चों को किशोरी सदन में ही रखा गया है। दोनों बच्चे वर्तमान में किशोरी सदन में रहकर पढ़ाई भी कर रहे हैं।
विज्ञापन
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चंद्रा देवी और उसका पति कुछ साल पहले अपने परिवार सहित मजदूरी का काम करने लद्दाख चले गए थे। आठ साल पहले चंद्रा देवी के दो बेटियां ममता (11) और सोनी (16) किसी दिन लद्दाख से अपने परिवार से बिछड़ गए। तब दोनों बच्चे काफी छोटे थे। अलग-अलग स्थानों पर मिले यह दोनों बच्चे पिछले चार-पांच सालों से किशोरी सदन में रह रहे हैं। बता दें कि राजकीय किशोरी सदन में विभिन्न कारणों से अनाथ हुए अथवा लावारिस बच्चों को रखा जाता है।
विज्ञापन
कुमाऊं मंडल के सभी जिलों से इस तरह के बच्चे अल्मोड़ा के किशोरी सदन में ही रखे जाते हैं। पुलिस उपाधीक्षक कमल राम आर्या ने बताया कि बीते दिनों उपनिरीक्षक संतोष तिवारी के नेतृत्व में गई ऑपरेशन स्माइल की टीम ने किशोरी सदन में रहने वाले बच्चों की काउंसलिंग की। बातचीत में इन दोनों बच्चों के बारे में जानकारी हासिल हुई। इस पर इन बच्चों ने पूर्व में उनके माता-पिता द्वारा पिथौरागढ़ जिले के जाड़ापानी (गंगोलीहाट) की खड़ियाखान में मजदूरी करने की बात कही।
विज्ञापन
इस पर स्माइल टीम ने जाड़ापानी जाकर दोनों बच्चों की माता चंद्रादेवी को खोज निकाला। जो अपने 20 साल के बेटे के साथ वहां काम कर रही थी। उसके बाद स्माइल टीम के साथ गत दिवस मां चंद्रादेवी किशोरी सदन में रह रही दोनों बेटियों से मिलने पहुंची। उसके साथ उसका बेटा भी था। आठ साल बाद बच्चे और मां एक दूसरे को देखकर आश्चर्य चकित रह गए और उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मां चंद्रादेवी ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की स्माइल टीम में एसआई संतोष तिवारी के अलावा कांस्टेबल राजेंद्र गिरी, विजय गोस्वामी, देवेंद्र तोमक्याल, संजू आर्या भी शामिल थे।
बच्चों को मां से मिलाने के बाद बाल कल्याण समिति ने इस परिवार की आर्थिक स्थिति का परीक्षण किया। परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं पाए जाने के कारण फिलहाल सोनी और ममता दोनों को राजकीय किशोरी सदन में ही रखने का फैसला लिया गया। सोनी इस वक्त कक्षा छह में और ममता पांचवीं में पढ़ रही है। बाल कल्याण समिति ने फैसला लिया है कि दोनों बच्चों के बालिग होने के बाद उन्हें मां को सौंप दिया जाएगा। तब तक बच्चे यहां रहकर पढ़ाई करेंगे। बताया गया है कि मूल रूप से नेपाल में रहने वाली चंद्रा देवी और उसका पति काफी साल पहले भी जाड़ापानी में काम करते थे। फिर कुछ समय लद्दाख में काम करने के बाद यह लोग वापस जाड़ापानी आ गए।
