{"_id":"85fc55433eaed68a93e834e0cdefc0aa","slug":"pac-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नानीसार में पीएसी तैनात ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नानीसार में पीएसी तैनात
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा।
Updated Thu, 18 Feb 2016 11:09 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मंगलवार रात अराजक तत्वों द्वारा की गई आगजनी और माओवादी गतिविधियों को देखते हुए सरकार ने नानीसार में सुरक्षा के लिए पीएसी की एक टुकड़ी तैनात कर दी है। बृहस्पतिवार दोपहर पीएसी के 36 जवानों ने नानीसार में मोर्चा संभाल लिया। दूसरी तरफ आगजनी और माओवादी गतिविधियों की जांच भी राजस्व पुलिस ने शुरू कर दी है। विद्यालय के विरोध में आंदोलन कर रहे द्वारसों के ग्रामीणों की नब्ज भी टटोली गई, लेकिन अभी तक कोई भी सुराग हाथ नहीं लग सका है।
बता दें कि मंगलवार रात नानीसार में अराजक तत्वों ने निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय परिसर में खड़े डंपर पर आग लगा दी। जेसीबी मशीन की वायरिंग जलाने का प्रयास किया गया। परिसर में भारी मात्रा में माओवाद से संबंधित साहित्य, पर्चा, पोस्टर, देशी तमंचा और झंडा बरामद हुआ था। साथ ही द्वारसों कस्बे में भी लाल स्याही से लिखे जनयुद्ध के पोस्टर भी चस्पा किए गए थे। जिंदल ग्रुप की ओर से इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विज्ञापन
इधर, तहसीलदार दामोदर पांडेय ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बृहस्पतिवार को द्वारसों में ग्रामीणों से इस संबंध पूछताछ की। सुबह से ही पूछताछ की कार्रवाई शुरू हो गई थी, लेकिन देर शाम तक कोई खास सुराग हाथ नहीं लग सका था। राजस्व पुलिस ने विद्यालय के विरोध में आंदोलन कर रहे ग्रामीणों की नब्ज भी टटोली। माओवाद का साहित्य मिलने से क्षेत्र में एक बार फिर से भय का माहौल है। दो साल पूर्व लोकसभा चुनाव के दौरान भी सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कई स्थानों पर इस तरह के जनयुद्ध के पोस्टर चस्पा किए गए थे। भाकपा माओवादी संगठन प्रतिबंधित संगठन है। इसके फिर से सक्रिय होने से लोगों में भय का वातावरण है। इधर, सुरक्षा की दृष्टि से सरकार ने नानीसार में पीएसी की एक टुकड़ी भी तैनात कर दी है। टुकड़ी में 36 जवान तैनात हैं।
विज्ञापन