{"_id":"650dea47a1248152090db206","slug":"locks-hanging-in-244-schools-in-almora-almora-news-c-232-1-alm1001-3258-2023-09-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Almora News: अल्मोड़ा में राज्य गठन के बाद 244 विद्यालयों में लटके ताले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Almora News: अल्मोड़ा में राज्य गठन के बाद 244 विद्यालयों में लटके ताले
Sat, 23 Sep 2023 12:55 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
Updated Sat, 23 Sep 2023 12:55 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। जिले में सरकारी शिक्षा की बेहतरी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी हालात नहीं सुधरे हैं। राज्य गठन के बाद जिले के 244 विद्यालयों में लटके ताले इसका प्रमाण हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी छात्र संख्या शून्य होने पर इन प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में ताले डाल दिए गए हैं। इसी वर्ष 37 विद्यालयों में ताले लटक गए हैं।
शिक्षा विभाग के मुताबिक जिले में राज्य गठन के समय 1659 प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल संचालित थे जिनमें 28,880 विद्यार्थी शिक्षा लेते थे। इन 23 सालों में अब तक 244 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल छात्र संख्या शून्य होने की वजह से बंद हो चुके हैं और ये वीरान स्कूल सरकारी शिक्षा को बढ़ावा देने के दावों को फेल साबित कर रहे हैं। वर्तमान में भी हालात बेहतर नहीं हैं। इस समय संचालित 1378 विद्यालयों में छात्र संख्या घटकर करीब 23,000 रह गई है। इनमें 335 प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल ऐसे हैं जहां छात्र संख्या 10 से कम है और उनमें कभी भी ताला लग सकता है।
विज्ञापन
शिक्षकों को भेजा अन्य विद्यालय
अल्मोड़ा। इस शिक्षा सत्र में अब तक जिले में छात्रसंख्या शून्य होने से 37 विद्यालय बंद हुए हैं। इन विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को अन्य विद्यालयों का रुख करना पड़ा है। विभाग के मुताबिक बंद विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को अन्य विद्यालयों में समायोजित किया गया है। संवाद
विज्ञापन
पलायन बड़ी वजह
अल्मोड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए सरकारी विद्यालयों के बंद होने की बड़ी वजह पलायन है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में 259 गांव जनशून्य हो गए हैं। यहां बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाओं के अभाव में लोगों ने पलायन किया है। ऐसे में सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या घटी है और इनमें ताले लटक गए हैं।
अब तक बंद हुए स्कूल
विकासखंड स्कूलों की संख्या
धौलादेवी 14
ताकुला 08
भिकियासैंण 40
चौखुटिया 45
भैसियाछाना 19
स्याल्दे 17
लमगड़ा 12
सल्ट 31
हवालबाग 17
ताड़ीखेत 25
द्वाराहाट 16
कोट
छात्र संख्या मानकों के अनुरूप न होने पर ही विद्यालय बंद हुए हैं। छात्र संख्या बढ़ाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अन्य विद्यालयों को बंद होने से बचाया जा सके।- अत्रेश सयाना, जिला शिक्षाधिकारी, प्रारंभिक, अल्मोड़ा।
बागेश्वर जिले में 50 स्कूल हुए बंद
बागेश्वर। राज्य बनने के बाद से जिले के 50 विद्यालय बंद हो चुके हैं। स्कूलों के बंद होने का कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बढ़ता पलायन और गिरती छात्रसंख्या है। मुख्य शिक्षाधिकारी जीएस सौन ने बताया कि जिले में 46 प्राथमिक विद्यालय और चार जूनियर हाईस्कूल बंद हुए हैं। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का कोई भी विद्यालय बंद नहीं हुआ। संवाद