अल्मोड़ा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को विकास भवन में निर्माणदायी संस्थाओं और जिला योजना से जुड़े विभागों संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक में कहा कि इस वर्ष जिला योजना के तहत मात्र संचालित या अंतिम चरण की योजनाओं के लिए ही राशि जारी की जाएगी। उन्होंने विभागों को इसी के अनुसार अपने प्रस्ताव अर्थ संख्याधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों को जो योजनाएं और कार्य चालू हैं, उन्हें पूरा कराने के लिए ही राशि की मांग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के अनुसार ही राशि जारी की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग को अधूरे स्कूलों की मरम्मत के लिए राशि की मांग करने और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। इस वर्ष अब नए कार्यों के लिए बजट जारी नही किया जाएगा। कोविड-19 के कारण जिला योजना समिति की बैठक नहीं हो सकी है। जिस कारण परिव्यय स्वीकृत नहीं किया जा सका है। शासन से सभी विभागों को राजकीय व्यय में मितव्यता रखने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभाग उसी अनुसार अपना व्यय सुनिश्चित करेंगे। डीएम ने कहा कि जिन विभागों द्वारा कार्मिकों के मानदेय आदि में खर्च किया जाता है उन्हें मानदेय की पूरी राशि जारी की जाएगी, ताकि कार्मिकों को परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि चालू योजनाओं के लिए भी पूूरी राशि जारी करने के प्रयास किया जाएगा। बैठक में अर्थ एवं संख्याधिकारी जीएस कालाकोटी, अपर सांख्यिकी अधिकारी कुंदन लाल आदि रहे।