अल्मोड़ा। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए अल्मोड़ा के जन्मेजय तिवारी को मैराकेज (मोरक्को) से न्योता आया है। छह दिनी सम्मेलन में भाग लेने के लिए जन्मेजय रवाना हो गए हैं। तिवारी मध्य एशिया और दक्षिण अमेरिकी देशों के युवा संगठनों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगेे। इससे पहले तिवारी 2021 में कॉप 26 में भी शामिल हो चुके हैं।
पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में काम करने वाले इन देशों के 20 से अधिक युवा संगठन इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में भागीदारी कर रहे हैं। ये तमाम संगठन दुनिया के लगातार बढ़ रहे तापमान से समुद्री द्वीपों के जलमग्न होने, जैव विविधता पर बढ़ते संकट, लोगों के सामने जीवन यापन, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के संकट को लेकर चिंतित हैं। 21 से 26 मार्च तक आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इन बढ़ते संकटों को लेकर राष्ट्रों की भूमिका एवं नीतिगत बदलावों हेतु युवाओं की प्रभावशाली भूमिका हेतु रणनीति तय की जाएगी। जन्मेजय तिवारी ने गत वर्ष ग्लासगो (स्कॉटलैंड) में आयोजित हुए कॉप 26 सम्मेलन में भी युवाओं की ओर से भूमिका निभाई थी। इससे पहले वह लीवरपूल, ताइवान व कुछ अन्य देशों में हुए सम्मेलनों में भागीदारी कर चुके हैं।