अल्मोड़ा। नए साल में भी नगर के बेस अस्पताल का जन औषधि केंद्र संचालित नहीं हो पाया है। एक साल से अधिक समय से केंद्र में ताला लटका है। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद भी केंद्र संचालित न हो पाने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। लोगों को मजबूरन बाजार से महंगी दवा खरीदनी पड़ रही है।
प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों के जरिये सस्ती दवाएं दिलाने की योजना का लाभ आम मरीजों को नहीं मिल पा रहा है। बेस अस्पताल स्थित जन औषधि केंद्र पिछले साल से बंद है। केंद्र में पिछले साल की शुरुआत से ही ताला लटका है। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद भी केंद्र संचालित नहीं हो सका। अस्पताल में बाड़ेछीना, पनुवानौला, कोसी, बिनसर, ताकुला, सोमेश्वर समेत जिले के कई स्थानों और बागेश्वर जिले के मरीज भी उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अस्पताल में जन औषधि केंद्र का मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालांकि जिला अस्पताल में जन औषधि केंद्र है, लेकिन बेस से काफी दूर होने के कारण मरीज बाजार से ही दवा खरीदने को मजबूर हैं। बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि जन औषधि केंद्र खुलने का कार्य अंतिम चरण में हैं। टेंडर हो चुका है। बॉंड भी भर चुके हैं। फरवरी अंत तक केंद्र संचालित होने की उम्मीद है।