अल्मोड़ा। डीएम नितिन सिंह भदौरिया और जिला प्रशासन ने डोबा गांव के तीन दिव्यांग भाई-बहनों की शिक्षा और देखरेख का जिम्मा लिया है। इसके तहत मंगलवार को दिव्यांग सौरभ तिवारी का आईटीआई बिंता में प्रवेश करवाया गया है। संस्थान की पूरी फीस अल्मोड़ा की समाजसेवी प्रेमा पंत की ओर से की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से दिव्यांग भाई-बहनों की शिक्षा समेत तमाम जरूरी आवश्यकताओं की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दिव्यांग नीरज तिवारी को प्रशासन की ओर से शिक्षा ग्रहण करवाई जा रही है। वह अभी स्नातक कर रहे हैं। अब इसी क्रम में दूसरे भाई दिव्यांग सौरभ की शिक्षा के लिए भी जिला प्रशासन ने हाथ बढ़ाया है। प्रशासन ने सौरभ का प्रवेश आईटीआई में करवा दिया है। उनकी पूरी फीस का भुगतान समाजसेवी प्रेमा पंत ने किया है। डीएम ने समाजसेवी पंत का आभार जताया। उनके कार्यों की सराहना की। इसके साथ ही डीएम ने अन्य लोगों से भी ऐसे कार्यों में आगे आने की अपील की है। शिक्षा के लिए फीस जिला प्रशासन के प्रतिनिधि डॉ. अजीत तिवारी को सौंपी। इस मौके पर आईटीआई के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चौधरी, ललित पंत, विनोद पांडेय, विनोद नौटियाल, प्रकाश रौतेला आदि रहे।