रानीखेत (अल्मोड़ा)। चलियानौला स्थित वीरशिवा स्कूल में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को भी विद्यालय में आमंत्रित किया गया था। विद्यालय प्रबंधन द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की सराहना कर प्रधानाचार्या ने उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। कहा कि इससे अन्य छात्र-छात्राओं को भी आगे बढ़ने की सीख मिलेगी।
प्रधानाचार्या संगीता अधिकारी ने कहा कि परीक्षाओं में विद्यालय की छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा है। बच्चों को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों का भी मनोबल बढ़ता है। उन्होंने मानस रावत, कृतिका रौतेला, दिया जलाल, वैशाली तिवारी सहित 10 छात्र छात्राओं का प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान कोविड के नियमों का भी पालन किया गया। यहां विद्यालय के प्रशासक शाहिद राजा, शिक्षक अमरेश सिंह, हिमानी, सपना, मनीषा, उदित कांडपाल आदि रहे।