रानीखेत (अल्मोड़ा)। फायर सीजन को देखते हुए अब अग्निशमन केंद्र भी मुस्तैद हो गया है। कई जगह आग बुझाने के तरीके बताए जा रहे हैं। कालिका में केंद्र की ओर से आग बुझाने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन कर लोगों को अचानक आग लगने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी। यह अभियान फायर सीजन तक चलता रहेगा। इस दौरान होटलों, विद्यालयों में भी कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
बता दें कि 15 फरवरी से फायर सीजन शुरू हो गया है। रानीखेत अग्नि शमन केंद्र की तरफ से कालिका के एक होटल में आग बुझाने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। एसएसपी के निर्देश पर अग्निशमन प्रभारी केशव दत्त तिवारी के नेतृत्व में फायर टीम ने फायर मॉकड्रिल दिखाया। कहा कि आग लगने के दौरान घबराने की जरूरत नहीं है, वरन इस दौरान तमाम सावधानियां बरतनी होंगी। इस दौरान शॉर्टसर्किट और घरेलू गैस सिलिंडरों से लगने वाली आग के दौरान किस तरह से सावधानी बरतनी है, इसकी जानकारी भी दी गई। इस दौरान वहां विशन सिंह टनवाल, गिरीश पांडे, कासिम अली सहित तमाम लोग मौजूद रहे।