{"_id":"7c8e89f58fe9b594900058ffca2fca41","slug":"enraged-by-former-soldiers-march-out-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुस्साए पूर्व फौजियों ने निकाला जुलूस ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गुस्साए पूर्व फौजियों ने निकाला जुलूस
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, अल्मोड़ा।
Updated Mon, 22 Jun 2015 11:52 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वन रैंक-वन पेंशन लागू नहीं होने से पूर्व सैनिकों में आक्रोश है। नाराज पूर्व सैनिकों ने सोमवार को अल्मोड़ा में जुलूस निकाल कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि वादा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले को बेवजह लटका रहे हैं। यदि जल्द मांग नहीं मानी तो निर्णायक आंदोलन शुरू होगा। पूर्व सैनिकों के समर्थन में कई दलों के प्रतिनिधि भी जुलूस में शामिल हुए।
विज्ञापन
पूर्व सैनिक सुबह गांधी पार्क चौघानपाटा में एकत्र हुए। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि चुनाव से पहले और सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री सहित केंद्र सरकार के मंत्रियों ने पूर्व सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन जल्द लागू करने की घोषणा की। एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद अब केंद्र सरकार इसे लागू करने में आनाकानी कर रही है।
विज्ञापन
पूर्व सैनिक लीग के संरक्षक ब्रिगेडियर किशोर जोशी ने कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों की ताकत को कम आंक रही है। समान रैंक, समान पेंशन के मामले में आनाकानी सरकार को भारी पड़ेगी। संचालन सूबेदार आनंद सिंह बोरा ने किया।
इसके बाद जुलूस मालरोड, मुख्य बाजार होकर कलक्ट्रेट पहुंचा। जुलूस के दौरान पूर्व सैनिक सरकार के खिलाफ जम कर नारे लगा रहे थे।
सभा और जुलूस में लीग अध्यक्ष पीजी गोस्वामी, रवि कमल, सुरेंद्र टम्टा, विनोद गिरि, घनानंद जोशी, लै. कमांडर हीरा सिंह राणा, कर्नल शशि शेखर जोशी, कैप्टन जेके पंत, सीएस पवार, ललित प्रकाश, एसएस बिष्ट, आशीष वर्मा, मनमोहन वर्मा आदि शामिल थे।
जुलूस में जिले के कई क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। जुलूस में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल थे। पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान समेत कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन स्थल पर जाकर पूर्व सैनिकों के आंदोलन को समर्थन जताया है।
भैंसियाछाना ब्लाक के पूर्व सैनिकों की बाड़ेछीना में हुई बैठक में वक्ताओं ने वन रैंक वन पेंशन आज तक लागू नहीं करने पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आते ही वन रैंक वन पेंशन लागू करने की घोषणा की थी, लेकिन पूर्व सैनिकों को छला जा रहा है।
उन्होंने इस मुद्दे को लेकर आंदोलन शुरू करने की धमकी दी। अवकाश प्राप्त कैप्टन पूरन सिंह सुप्याल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनेक पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया।