मृतका के मायके वालों ने ससुर और जेठ को धुना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रानीखेत (अल्मोड़ा)। मटीला गांव में महिला की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के मंगचौड़ा मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मृतका के ससुर और जेठ सहित कई लोगों की जमकर धुनाई कर डाली। लगभग डेढ़ घंटे तक गरमागरमी का माहौल रहा। बाद में एएसपी करुणा भारती और संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जांच का आश्वासन दिया इसके बाद मामला शांत हुआ। मृतका के चाचा ने एसडीएम को ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा दिया है।
जानकारी के अनुसार मटीला गांव के प्रधान पूरन सिंह की बहू पुष्पा देवी (25) पत्नी वीरेंद्र सिंह मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे घास लेने की बात कहकर जंगल गई थी पर देर शाम तक घर नहीं लौटी। बुधवार को ससुर पूरन सिंह ने गुमशुदगी दर्ज कराई। बृहस्पतिवार की सुबह पुष्पा का शव गांव के समीप खरकिया के जंगल में काफल के पेड़ पर लटका मिला। शुक्रवार की सुबह शव का यहां राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम चल रहा था, इसी दौरान मृतका पुष्पा के मायके मंगचौड़ा से सैकड़ों की तादात में महिलाएं और पुरुष अस्पताल आ धमके।
यहां उन्होंने ससुरालियों पर पुष्पा की हत्या करने का आरोप लगाया। ससुर भूपाल सिंह और जेठ प्रधान पूरन सिंह ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ दोनों पर टूट पड़ी, दोनों को बुरी तरह से घायल कर दिया। बीच बचाव में आ रहे लोगों को भी आक्रोशित महिलाओं ने नहीं बख्शा। सभी की चप्पलों से जमकर धुनाई कर दी। वृद्ध ससुर को बमुश्किल आक्रोशित भीड़ की चंगुल से छुड़ाया गया। बताया गया है कि आक्रोशित भीड़ को देखते हुए मृतका का पति वीरेंद्र सिंह मौके से फरार हो गया। भीड़ को समझाने का प्रयास कर रहे प्रशासनिक अधिकारियों को भी ग्रामीणों ने खूब खरी-खोटी सुनाई।
संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत कुमार मौके पर पहुंचे, उनकी भी नहीं सुनी गई। बाद में एएसपी करुणा भारती को मौके पर आना पड़ा। उन्होंने भीड़ को तीतर-बितर किया और इस मामले में सार्थक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग माने। इधर पोस्टमार्टम करने के बाद डा. केके पांडेय ने बताया कि शव तीन से चार दिन पुराना है।
शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं थे। प्रथम दृष्टिया मौत लटकने से ही हुई प्रतीत हो रही है। अलबत्ता बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। इधर, महिला के चाचा खीम सिंह मेहरा ने पुष्पा के ससुर भूपाल सिंह, पूरन सिंह, पति विरेंद्र सिंह, जेठानी खष्टी देवी और देवर कुवेर सिंह के खिलाफ दहेज हत्या के लिए प्रताड़ित करने की प्राथमिकी दे दी है।