अल्मोड़ा/बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों से कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम और बचाव को लेकर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों जागरूक करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने वैक्सीनेशन के लिए भी पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। कहा कि जिला टास्क फोर्स और ब्लॉक टास्क फोर्स की नियमित बैठकें की जाएं। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, फ्रंटलाइन वर्कर का पूरा डाटा रखा जाए। इसके लिए मानव संसाधनों की अभी से पूरी व्यवस्था रखी जाए। वीसी में अल्मोड़ा से सीडीओ नवनीत पांडे, एसएसपी पीएन मीणा, सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी आदि रहे।
वहीं बागेश्वर के डीएम विनीत कुमार ने सीएम को बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जांचें बढ़ा दी गई हैं। लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। वीसी में एसपी मणिकांत मिश्रा, सीडीओ डीडी पंत, डीडीओ केएन तिवारी, एसडीएम राकेश तिवारी, सीएमएस डॉ. एसपी त्रिपाठी, डॉ. अजय मोहन शर्मा आदि थे।