अल्मोड़ा। रक्षा मंत्रालय और भारत सरकार की ओर से कोरोना योद्धाओं के सम्मान में एक से 13 अगस्त तक देश के 33 केंद्रों पर म्यूजिकल बैंड की धुन बजाई जा रही है। चयनित बैंड को तय दिन और समय पर धुन बजानी होती है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस लाईन में डीएम नितिन भदौरिया और एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के समक्ष पुलिस के म्यूजिकल बैंड ने देशभक्ति और कुमाऊंनी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उत्तराखंड से सिर्फ अल्मोड़ा पुलिस के बैंड को ही इस प्रस्तुति के लिए चुना गया है। कार्यक्रम का प्रसारण दूरदर्शन पर किया जा रहा है।
शनिवार को पुलिस लाइन में विभाग ने म्यूजिकल बैंड के माध्यम से देशभर के कोरोना योद्धाओं का हौसला बढ़ाकर उनका सम्मान किया। इनके बोल थे ‘सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा, हम बुलबुलें हैं इसकी ये गुलिस्तां हमारा...’ ‘आज का दिना तू होलि घर पना, ओ याद आली मैकेणी त्यर बिना...’। एसएसपी मीणा ने कहा कि पूरे प्रदेश से एकमात्र अल्मोड़ा जिले की पुलिस को चयनित करना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। एसएसपी ने टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए 31वीं वाहिनी पीएसी म्यूजिकल बैंड की टीम को 2500 रुपये का पुरस्कार दिया। सीओ वीर सिंह ने संचालन किया। इस मौके पर भारतीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट, चंद्रमणि भट्ट, जीसी मल्होत्रा, शेखर लखचौरा, बीएस मनकोटी, अनूप साह, विनीत बिष्ट, पुलिस विभाग के प्रतिसार निरीक्षक अशोक परिहार, महेश कश्यप, एसआईएमटी कालू चंद, मीडिया सेल प्रभारी हेमा ऐठानी, प्रसार भारती दूरदर्शन देहरादून से विकास कोटनाला, विकास रावत, विकास म्यूजिकल बैंड के पीसीवी राम सिंह (बैंड मेजर) आदि रहे।