रानीखेत (अल्मोड़ा)। छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में गोल्फ मैदान का मुद्दा उठा। दरअसल कुछ दिन पूर्व जनसंगठनों ने इस मैदान को पर्यटकों और आम लोगों के लिए बंद करने की शिकायत की थी। पूर्व उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने इस मुद्दे को उठाया। बैठक में आशियाना पार्क का नाम जनरल टीएन रैना के नाम पर रखने पर भी विचार-विमर्श हुआ। जीर्णशीर्ण भवनों की मरम्मत और आउट सोर्सिंग पर कर्मचारी रखने को लेकर भी चर्चा हुई।
कैंट बोर्ड अध्यक्ष कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर आईएस समियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों ने अपने वार्डों की समस्याओं का प्रमुखता से उठाया। पूर्व उपाध्यक्ष मोहन नेगी गोल्फ मैदान को बंद करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि गोल्फ मैदान पर्यटकों का पसंदीदा स्थल है। यदि इसे बंद कर दिया जाएगा तो इसका सीधा असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ेगा। जनाधिकार मंच ने पूर्व में यह शिकायत की थी कि गोल्फ मैदान को पर्यटकों और आम नागरिकों के लिए बंद कर दिया गया है। बैठक में आशियाना पार्क का नाम जनरल टीएन रैना के नाम पर करने, मृतक आश्रितों के पदों को भरने, आउट सोर्सिंग पर कर्मचारी रखने पर भी विचार विमर्श किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष संजय पंत, विंदू साह, भुवन आर्य, एडम कमांडेंट दीपक आहुजा, सीईओ अभिषेक आजाद, मेजर नीलका नंदन आदि रहे।