{"_id":"9bd75e7ec8f8e5252bb1229e67f6aedd","slug":"ama-snatched-from-aangn-leopard-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अांगन से आमा को उठा ले गया तेंदुआ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अांगन से आमा को उठा ले गया तेंदुआ
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, चौखुटिया (अल्मोड़ा)।
Updated Sun, 26 Apr 2015 10:33 PM IST
विज्ञापन
चौखुटिया तहसील के उलैणी गांव में चार महीने बाद तेंदुए ने एक और ग्रामीण को निवाला बना लिया। घात लगाकर बैठा तेंदुआ आमा को आंगन से उठा ले गया। जंगल में वृद्धा के हाथ और पांव पडे़ मिले। इन्हीं अंगों को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आदमखोर तेंदुए को पिंजरा लगाकर तुरंत पकड़ने की मांग की है।
विज्ञापन
उलैणी निवासी कलावती पांडे (96) पत्नी स्व. लीलाधर पांडे रविवार तड़के आंगन के पास बने शौचालय में जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठा तेंदुआ उन्हें उठाकर ले गया। आहट होने पर उनके बेटे पूरन बाहर आए तो वहां मां नहीं मिली। उनके शोर मचाने पर अन्य ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने खोजबीन की तो वृद्धा का हाथ और पांव घर से कुछ दूर कटेला जंगल में मिले।
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम एनएस नबियाल, उपप्रभागीय वनाधिकारी गोविंद सिंह जीना, वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद तिवारी, वन दरोगा चतुर सिंह बिष्ट, नायब तहसीलदार दीवान सिंह बिष्ट, राजस्व उप निरीक्षक इसरार अहमद, द्वाराहाट के थानाध्यक्ष अजय साह आदि मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान मुन्नी जोशी और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामे की कार्रवाई की गई। वृद्धा के अंगों को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गांव में शीघ्र पिंजरा लगेगा।
विज्ञापन
चार माह पूर्व एक ग्रामीण को मार डाला था
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। तेंदुए ने चार माह पूर्व इसी गांव के पास भगतौला में भी एक व्यक्ति को मारा था। 31 दिसंबर 2014 को हुई घटना के बाद से निकटवर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण तेंदुए को पकड़ने की मांग करते आ रहे हैं।
बीस हजार की आर्थिक सहायता दी
वन विभाग के अधिकारियों ने गांव के प्रधान की मौजूदगी में मृतक वृद्धा के पुत्र पूरन पांडे को तात्कालिक सहायता के रूप में बीस हजार रुपए की सहायता दी है। शेष 2.80 लाख रुपए पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिक कार्रवाई के बाद दिए जाएंगे।