देशभर में होगा अल्मोड़ा के दशहरे का प्रचार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि अल्मोड़ा का दशहरा महोत्सव प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाए हुए है। कई वर्षों से यहां पर जीवंत पुतलों का निर्माण किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा में विवेकानंद पर्यटन सर्किट बनाने के साथ ही करबला में जिस स्थान पर स्वामी विवेकानंद ने विश्राम किया था उसके विकास के लिए भी योजना तैयार की जाएगी। इस मौके पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू ने अल्मोड़ा के दशहरा महोत्सव का देश के विभिन्न प्रांतों में प्रचार प्रसार करने की बात कही।
सीएम रावत ने कहा कि इस महोत्सव को व्यापक रूप प्रदान करने के लिए प्रदेश शासन द्वारा हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इस साल तैयार किए गए 28 पुतलों के निर्माण के लिए सभी संबंधित पुतला कमेटियों को 21-21 हजार रुपए और मोहर्रम के अवसर पर तैयार किए जा रहे ताजियों के निर्माण के लिए भी प्रत्येक ताजिये को 21 हजार रुपए की धनराशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा में शीघ्र ही टैक्सी टर्मिनल और टनल रोड का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अल्मोड़ा में विवेकानंद पर्यटन सर्किट बनाने के साथ ही करबला में जिस स्थान पर स्वामी विवेकानंद ने विश्राम किया था उसके विकास के लिए भी योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन रामलीला कमेटियों द्वारा रामलीला का मंचन करते हुए 25 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है उन्हें सरकार विशेष राशि देगी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि सांस्कृृतिक नगरी अल्मोड़ा ने न केवल संस्कृति के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है बल्कि यहां के वीर सपूतों को जन्म देकर सेना का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क सुविधा सहित अन्य सुविधा मुहैया कराना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। रिजिजू ने कहा कि वह विभिन्न प्रांतों में जाकर अल्मोड़ा के दशहरा महोत्सव का प्रचार प्रसार करेंगे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि पर्वतीय राज्यों के युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स में इन राज्यों का कोटा बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद अजय टम्टा ने पूर्व में बिमौला में रह चुकी आईटीबीपी की कंपनी को दोबारा यहां लाने और देवली में आईटीबीपी का मोटर ड्राइविंग सेंटर खोलने का आग्रह किया।
टम्टा ने बताया कि गृह राज्य मंत्री ने इस पर अपनी सहमति दे दी है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने भी नगर की समस्याएं रखी। दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष विनोद वैष्णव, मनोज वर्मा सहित अन्य लोगों ने कहा कि सांस्कृतिक नगरी में इस तरह के आयोजन पूरे विश्व में एक अनूठी मिसाल हैं। संचालन यूसुफ तिवारी और मनीष जोशी ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संसदीय सचिव मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री से दशहरा महोत्सव समिति की मांगों और शहर की अन्य मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने नगर की अनेक योजनाओं को मंजूरी देने के लिए सीएम का आभार भी जताया। दशहरा महोत्सव में पहली बार लेजर शो इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। इस कार्यक्रम में काफी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
अल्मोड़ा। दशहरा महोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, आतिशबाजी आदि देखने पहुंचे अनेक लोग देर तक चले नेताओं के संबोधनों से ऊबकर लौट गए। लोगों का कहना था कि वह पुतला दहन पर होने वाले कार्यक्रमों को देखने पहुंचे थे लेकिन उन्हें काफी देर तक भाषण होते रहे। हालांकि देर रात तक काफी संख्या में मौजूद लोगों ने कार्यक्रमों का आनंद लिया। दशहरा महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने दर्शकों का भी आभार जताया।