अल्मोड़ा। बारिश के कारण कोसी नदी में ऊपरी क्षेत्रों से सिल्ट और गाद बहकर आ गई। गंदा पानी आने के कारण जल संस्थान को सुबह आठ बजे से सायं तीन बजे तक पंप बंद करने पड़े। शहर के दो तिहाई हिस्से में बृहस्पतिवार को पानी नहीं आने के कारण 60 हजार की आबादी को पेयजल संकट से जूझना पड़ा
बृहस्पतिवार को भी सुबह से दोपहर बाद तक काफी बारिश हुई। कोसी नदी का पानी गंदा होने से जल संस्थान को सुबह आठ बजे से सायं तीन बजे तक तीनों पंप बंद करने पड़े। इस कारण शहर के पातालदेवी, हीराडुंगरी, नरसिंहबाड़ी, सर्किट हाउस टैंकों को पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। इसके चलते मुख्य बाजार, नरसिंहबाड़ी, आफीसर्स कालोनी, दुगालखोला, राजपुरा, मालरोड, पांडेखोला, कर्नाटकखोला, जोशीखोला, थपलिया, चंपानौला समेत अनेक मोहल्लों को पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। लोगों ने अपने-अपने मोहल्लों के आसपास स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों, नौलों और धारों से पानी लाकर गुजारा किया। इधर, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता केएस खाती ने बताया कि शाम को तीन बजे से पानी की पंपिंग शुरू हो गई है। शाम के समय सीतापुर टैंक से खत्याड़ी, इंदिरा कालोनी आदि इलाकों में पानी की आपूर्ति की गई। जिन इलाकों में बृहस्पतिवार को पानी सप्लाई नहीं हो सका, वहां शुक्रवार को पानी की आपूर्ति की जाएगी।