सातवीं बार 7वें आसमान पर सेरेना विलियम्स, बनीं विंबलडन चैंपियन
इस साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में एंजेलिक कर्बर ने सेरेना को हरा दिया था लेकिन सेरेना ने शनिवार को न केवल एंजेलिक कर्बर से पिछली हार का हिसाब बराबर किया बल्कि अपने कॅरियर का 22वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
महज 17 साल की उम्र में अपना पहला खिताब जीतने वाली सेरेना 34 साल की उम्र में 22वें ग्रैंड स्लैम के साथ नया मील का पत्थर स्थापित करने में सफल रहीं। पिछले साल सेरेना ने विंबलडन में अपना 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता था।
उसके बाद से वह स्टेफी ग्राफ के रिकॉर्ड की बराबरी के लिए बेताब थीं। इस साल सेरेना ऑस्ट्रेलियन ओपन और फ्रेंच ओपन दोनों के फाइनल में पहुंची थी लेकिन उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था।
'मैं एंजेलिक कर्बर का शुक्रिया अदा करती हूं'
''इस साल मैंने कई बार 22वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने का प्रयास किया लेकिन अच्छे खिलाड़ियों से पराजित हो गई। मैं एंजेलिक कर्बर का शुक्रिया अदा करती हूं जिनकी बदौलत मैं अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहीं। बड़ी बहन वीनस का भी धन्यवाद जिन्होंने मुझे इस जीत के लिए प्रेरित किया। ''
सेरेना विलियम्स
''सेरेना आप एक ग्रेट चैंपियन और महान इंसान हो। आप इसकी हकदार हो। आपके साथ फाइनल खेलना ही बड़े सम्मान की बात है।'' एंजेलिक कर्बर
एक नजर
22: वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतकर सेरेना ने की जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के रिकॉर्ड की बराबरी
07: वीं बार विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप का खिताब जीता है सेरेना ने