ग्रैंड स्लैम में खिताबी हार की हैट्रिक से बचना चाहेंगी सेरेना
वर्ल्ड नंबर वन सेरेना विलियम्स अपने सातवें विंबलडन खिताब से सिर्फ एक जीत दूर रह गई हैं। खिताबी जंग में उनका मुकाबला जर्मनी की एंजेलिक कर्बर से होगा जिससे वह पिछला ग्रैंड स्लैम फाइनल हार चुकी हैं।
छह बार की चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने बृहस्पतिवार को रूस की गैरवरीय एलेना वेस्नीना को 6-2, 6-0 से हराकर नौवीं बार विंबलडन टेनिस के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
अमेरिका की शीर्ष खिलाड़ी 34 वर्षीय सेरेना को सेमीफाइनल जीतने में ज्यादा पसीना नहीं बहाना पड़ा और उन्होंने महज 48 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। फाइनल में सेरेना का सामना जर्मनी की एंजेलिक कर्बर से होगा।
वर्ल्ड नंबर वन सेरेना के पास जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के 22 ग्रैंड स्लैम खिताब की बराबरी करने का मौका है जिससे अब वह महज एक जीत दूर खड़ी हैं। सेरेना ओवरऑल 28वीं बार ग्रैंड स्लैम और नौवीं बार विंबलडन के फाइनल में पहुंची हैं।
दूसरी ओर, एक अन्य सेमीफाइनल में जर्मनी की एंजेलिक कर्बर ने सेरेना की बड़ी बहन वीनस विलियम्स को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल में उन्होंने वीनस को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हरा दिया। चौथी वरीयता प्राप्त कर्बर पहली बार विंबलडन के फाइनल में पहुंची हैं। इससे पहले वह साल के शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में सेरेना को हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम जीता था। कर्बर की यह फाइनल में विलियम्स बहनों के बीच जंग के चांस को भी खत्म कर दिया।
ग्रैंड स्लैम के खिताबी जंग में हार की हैट्रिक से बचना चाहेंगी सेरेना
अपना 32वां ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल खेलने उतरीं सेरेना विलियम्स ने मुकाबले में 11 एसेज और 28 विनर्स लगाए और महज सात बेजा गलतियां की। वेस्नीना ने सेरेना की सर्विस पर सिर्फ तीन अंक बटोरे। अब तक सेरेना की वेस्नीना से पांच बार भिड़ंत हुई है और हर बार सेरेना ही जीतने में सफल रही हैं।
सेरेना का यह साल का तीसरा ग्रैंड स्लैम फाइनल है। ऑस्ट्रेलियन ओपन में वह कर्बर से हार गई थी जबकि पेरिस में गार्बिन मुगुरुजा ने उन्हें फाइनल में पराजित कर दिया था। इस तरह से वह यहां पर ग्रैंड स्लैम फाइनल में हार की हैट्रिक नहीं लगाना चाहेंगी।