जोकोविच की रिकॉर्ड जीत की राह में नडाल, नजरें दूसरी बार एक साथ चारों ग्रैंडस्लैम खिताब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्बिया के नोवाक जोकोविच रविवार से शुरू हो रहे फ्रेंच ओपन के मुख्य मुकाबले में जब उतरेंगे तो उनकी नजरें दूसरी बार एक साथ चारों ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी करने पर होगी।
टेनिस इतिहास में जोकोविच (2016) से पहले सिर्फ डॉन बुड्गे (1938) और राड लावेर (1962 और 1969) ही एक साथ चारों ग्रैंडस्लैम के विजेता रहे है। टूर्नामेंट में हालांकि दिग्गज रोजर फेडरर की वापसी और गत विजेता राफेल नडाल के लय में आने से विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज जोकोविच का रास्ता इतना आसान नहीं होगा।
इससे पहले 2016 में चारों गैंडस्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच ने 2018 में विंबलडन और यूएस ओपन का खिताब जीतने के बाद इस साल जनवरी में अपना सातवां ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीता है। जोकोविच ने अब तक 15 गैंडस्लैम खिताब जीते हैं जबकि इस मामले में फेडरर (20 खिताब) और नडाल (17) उनसे आगे है। इन दोनों खिलाड़ियों ने भी कॅरिअर स्लैम को पूरा किया है लेकिन एक साथ चारों बड़े खिताबों को जीतने में सफल नहीं रहे हैं।
जोकोविच को सबसे बड़ी चुनौती स्पेन के नडाल से मिलने की संभावना है जिन्हें ‘लाल बजरी’ के बादशाह के तौर पर जाना जाता है। नडाल ने जोकोविच को पिछले सप्ताह इटालियन ओपन के फाइनल में हराया था। नडाल ने रविवार को नौवीं बार इटालियन ओपन और रिकॉर्ड 34वां मास्टर्स खिताब जीत कर लय में होने का संकेत दे दिया है। रिकॉर्ड 11 बार फ्रेंच ओपन जीतने वाले वह टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत विश्व रैंकिंग में 43वें स्थान पर काबिज पोलैंड के हुबर्ट हुरकाज के खिलाफ करेंगे।
‘फ्रेंच ओपन में बिना किसी शक के नडाल सबसे बड़े दावेदार होंगे, उनके बाद ही कोई और होगा। एक साथ चारों ग्रैंडस्लैम जीतने के मौके से मुझे अतिरिक्त प्रेरणा और प्रोत्साहन मिल रहा है। मैं तीन साल पहले ऐसा कर चुका हूं और मुझे विश्वास है कि फिर से ऐसा कर सकता हूं।’ -नोवाक जोकोविच
02 : खिलाड़ी डॉन बुड्गे और राड लावेर सर्बिया के जोकोविच से पहले एक साथ जीत चुके हैं चारों ग्रैंडस्लैम
15 : ग्रैंडस्लैम जीत चुके हैं अब तक नोवाक जोकोविच। इस मामले में फेडरर (20) और नडाल (17) के बाद तीसरे नंबर पर हैं
फेडरर बन सकते हैं सबसे उम्रदराज विजेता
फेडरर 2015 के बाद पहली बार इस टूर्नामेंट में खेलेंगे। अगर वह 37 साल की उम्र में इस खिताब को जीतते हैं तो फ्रेंच ओपन के सबसे उम्रदराज विजेता होंगे। लय पाने की कोशिश में लगे फेडरर की नजरें इस टूर्नामेंट से ज्यादा विंबलडन पर हैं। फेडरर विश्व रैंकिंग में 73वें पायदान पर काबिज इटली के लोरेंजो सोनेगो के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे और सेमीफाइनल में नडाल से भिड़ सकते हैं।
महिलाओं में हालेप दावेदार
चोट से परेशान दिग्गज अमेरिकी खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को 20 साल में पहली बार लाल बजरी पर प्रबल दावेदार के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। सीजन में खराब शुरुआत के बाद उनकी फिटनेस पर सवाल उठ रहे हैं। 37 साल की सेरेना अभी रिकॉर्ड 24वें ग्रैंडस्लैम खिताब का इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने पिछला ग्रैंडस्लैम 2017 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के रूप में जीता था। वहीं दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी जापान की नाओमी ओसाका भी लय में नहीं हैं। इन दोनों के लय में नहीं होने से मौजूदा चैंपियन सिमोना हालेप को जीत दावेदार माना जा रहा है।