जोकोविच बोले, हारने के लिए मुझे एक करोड़ का ऑफर मिला था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले ही दिन कथित मैच फिक्सिंग की रिपोर्ट ने टेनिस जगत को झकझोर कर रख दिया है। फिक्सिंग का साया कई खेलों पर यदा-कदा मंडराता रहा है। लगता है कि अब यह टेनिस कोर्ट पर भी पांव पसार रहा है।
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टेनिस में बड़े पैमाने पर मैच फिक्सिंग होती है। बीबीसी और बजफीड ने दावा किया था कि पिछले एक दशक में विश्व के शीर्ष 50 में से 16 खिलाड़ी सट्टेबाजी गिरोहों के लिए मैच फिक्सिंग में कथित तौर पर लिप्त रहे हैं जिनमें ग्रैंड स्लैम चैंपियन भी शामिल रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक विम्बलडन में तीन मैच फिक्स थे और संदेह के घेरे में रहे आठ खिलाड़ी इस समय ऑस्ट्रेलियन ओपन में खेल रहे हैं। इसका भंडाभोड़ करने वाले एक अज्ञात समूह की ओर से लीक की गई गोपनीय फाइलों के आधार पर इस रिपोर्ट में कहा गया है कि इन 16 खिलाड़ियों में से किसी पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया। बजफीड के मुताबिक खिलाड़ियों से डील टूर्नामेंट के दौरान होटलों के कमरों में होती थी।
जोकोविच ने भी किए हैं सनसनीखेज दावे
विश्व के शीर्ष वरीय सर्बिया के नोवाक जोकोविच दावा कर चुके हैं कि 10 साल पहले कैरियर की शुरुआत में उन्हें भी मैच फिक्सिंग का ऑफर मिला था। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जोकोविच को सेंट पीटर्सबर्ग में पहले राउंड में हारने पर 1,10,000 स्टर्लिंग (करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपए) का ऑफर दिया गया था।
जोकोविच ने बताया कि उन्हें डायरेक्ट अप्रोच नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि 2006 में मेरे साथ जो लोग काम करते थे उनके जरिए अप्रोच किया गया। हालांकि मैंने तुरंत इनकार कर दिया था। जोकोविच ने खेल में फिक्सिंग को अपराध की संज्ञा दी है।
डेनियल कोलेरर पर लग चुका है आजीवन प्रतिबंध
ऑस्ट्रिया के डेनियल कोलेरर को मैच फिक्सिंग का दोषी पाये जाने के बाद उन्हें इस खेल से आजीवन प्रतिबंधित कर दिया गया। वर्ष 2009 में कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 55वीं रैंकिंग हासिल करने वाले कोलेरर को 2011 में भ्रष्टाचार रोधी नियमों के तहत जांच में तीन मामलों में दोषी पाया गया जिसमें मैच के परिणाम को प्रभावित करना या ऐसी कोशिश करना भी शामिल है।
एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स (एटीपी) के प्रमुख क्रिस करमोडे का कहना है कि रिपोर्ट की टाइमिंग निराशाजनक है। टेनिस इंटीग्रिटी इकाई और टेनिस अधिकारियों ने इन खबरों को खारिज किया है कि मैच फिक्सिंग के साक्ष्यों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई या उनकी पूरी तरह से जांच नहीं की गई। बीबीसी और बजफीड की रिपोर्ट 10 साल पहले की घटनाक्रम की है। लिहाजा हम नई जानकारी की जांच करेंगे।