एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में पहुंचे रोजर फेडरर, केविन एंडरसन को दी मात
छह बार के चैंपियन रोजर फेडरर ने शुक्रवार को एटीपी फाइनल्स के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के टेनिस स्टार केविन एंडरसन को हरा दिया। 37 वर्षीय स्विस खिलाड़ी फेडरर ने एंडरसन को एक घंटे 17 मिनट तक चले इस मुकाबले में 6-4, 6-3 से हराया। इसके साथ ही फेडरर एटीपी फाइनल्स के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
दूसरी तरफ एंडरसन पहले ही दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी पेश कर ली थी। फेडरर ने साल के आखिरी टूर्नामेंट एटीपी फाइनल्स के पहले दौर की निराशाजनक हार के बाद शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रिया के डोमिनिक थीम को मात देकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा था।
इसके पहले रविवार को टूर्नामेंट के राउंड-रॉबिन के पहले दौर में फेडरर को जापान के अनुभवी खिलाड़ी केई निशिकोरी से हार का सामना करना पड़ा था। बता दें कि अब अलेक्जेंडर ज्वेरेव, जॉन इस्नर, और सिलिच दूसरे सेमीफाइनल बर्थ में पहुंचने के लिए आपस में भिड़ेंगे।
इस्नेर को शिकस्त देकर सिलिच सेमीफाइनल की दौड़ में कायम
इससे पहले क्रोएशियाई टेनिस स्टार मारिन सिलिच ने एटीपी फाइनल्स के अपने दूसरे मुकाबले में जॉन इस्नेर को 6-7 (2-7), 6-3, 6-4 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम रखी हैं। सिलिच चौथी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग ले रहे हैं और 11 मैचों के यह उनकी सिर्फ दूसरी जीत है।
इस ग्रुप से नोवाक जोकोविच पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुके हैं। वहीं, दूसरे अन्य मुकाबले में आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी डोमिनिक थीम ने जापान के खिलाड़ी केई निशिकोरी को 6-1, 6-4 से हराया।
इसके अलावा मेंस डबल्स मुकाबले में आर फराह और जे काबल की जोड़ी ने एम वेनस और आर क्लासेन की जोड़ी को 6-3, 7-6(7-5) से हराया। जबकि एक अन्य मुकाबले में जे मुरै और बी सोएरेस की जोड़ी ने जे पीर्स और एच कोंतिनेन की जोड़ी को 3-6, 7-6(7-3), 10-3 से मात दी।