नंबर वन जोकोविच की पेरिस की लाल बजरी पर 50वीं जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुपर ग्रैंडस्लैम के अभियान पर निकले विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने पेरिस की लाल बजरी पर 50वीं जीत दर्ज करा ली है।
विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया के नोवाक जोकोविच, नौ बार के विजेता स्पेन के राफेल नदाल और अमेरिका की महिला खिलाड़ी सेरेना विलियम्स वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश कर गए हैं।
करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की उम्मीद लिए इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में उतरे टॉप सीड जोकोविच ने बेल्जियम के क्वालीफायर स्टीव डार्किस को 7-5, 6-3, 6-4 से पराजित किया। जोकोविच की इस टूर्नामेंट में यह 50वीं जीत है।
अगले दौर में जोकोविच का सामना अलजाज बेडेन से होगा जिन्होंने स्पेन के पाब्लो कारेनो को 7-6 (7/4), 6-3, 4-6, 5-7, 6-2 से हराकर पहली बार तीसरे दौर में जगह बनाई।
पूर्व चैंपियन नदाल ने अर्जेंटीना के फाकुंडो बागनिस को 6-3, 6-0, 6-3 से पराजित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रैंड स्लैम में ओवरऑल 200वीं जीत दर्ज की। ऐसा करने वाले वह आठवें खिलाड़ी बने। 29 वर्षीय नदाल तीसरे दौर में हमवतन मार्सेल ग्रोनोलर्स से भिड़ेंगे।
महिलाओं में टॉप सीड गत चैंपियन सेरेना विलियम्स ने ब्राजील की टेलियाना पेरेइरा को 6-2, 6-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अगले दौर में 34 वर्षीया सेरेना का सामना फ्रांस की क्रिस्टिना म्लाडेनोविक और हंगरी की टिमिया बाबोस के बीच खेले जाने वाले मुकाबले की विजेता से होगा।
वर्ष 2008 की विजेता सर्बिया की 14वीं सीड एना इवानोविच ने जापान की कुरुमी नारा को 7-5, 6-1 से हराया।
पेस-हिंगिस, सानिया-डोडिग दूसरे दौर में
भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा अपने-अपने जोड़ीदारों के साथ जीत दर्ज कर फ्रेंच ओपन के मिश्रित युगल के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।
पिछले सत्र में तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले पेस और उनकी स्विट्जरलैंड की जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस ने जर्मनी की एन्ना-लेना ग्रोएनफील्ड और कोलंबिया के रोबर्ट फराह की जोड़ी को पहले दौर में 6-4, 6-4 से पराजित किया।
उधर, दूसरी सीड सानिया और क्रोएशिया के इवान डोडिग ने पहले दौर में फ्रांस की माथिल्डे जोहांसन और ट्रिस्टान लामासिने की जोड़ी को 6-4, 6-3 से शिकस्त दी। हालांकि पूरव राजा और क्रोएशिया के इवो कार्लोविक की जोड़ी को पुरुषों की युगल स्पर्धा के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।
भारत और क्रोएशियाई जोड़ी को पोलैंड के लुकास कुबोत और ऑस्ट्रिया के एलेक्जेंडर पेया की जोड़ी ने 6-1, 6-2 से पराजित किया।