US Open: बड़ा उलटफेर, विंबलडन चैंपियन सिमोना हालेप को 116वें रैंक की टाउनसेंड ने हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विंबलडन चैंपियन सिमोना हालेप को उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। पूर्व नंबर एक खिलाड़ी हालेप यूएस ओपन के दूसरे ही दौर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। यूएस ओपन में क्वालीफाई करने वाली 116वें रैंक की खिलाड़ी टेलर टाउनसेंड ने चौथे नंबर की खिलाड़ी सिमोना हालेप को 2-6, 6-3, 7-6 (7-4) से हरा दिया है।
ग्रैंड स्लैम के दूसरे दौर में रोमानियाई खिलाड़ी हालेप ने पहला सेट एकतरफा तरीके से जीता लेकिन दूसरे और तीसरे सेट में टाउनसेंड ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए उन्हें हराकर सभी को हैरान कर दिया।
दुनिया के सबसे बड़े टेनिस स्टेडियम आर्थर अशे में खेले गए मुकाबले में अमेरिका की 23 वर्षीय ने विंबलडन चैंपियन को हराकर पहली बार यूएस ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश किया।
नडाल और ज्वेरेव तीसरे दौर में
तीर बार के चैंपियन राफेल नडाल ने ऑस्ट्रेलिया के थानासी कोकिनाकिस के चोट के कारण हटने से अगले दौर में प्रवेश किया। अब 18 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता अंतिम-16 में जगह बनाने के लिए दक्षिण कोरिया के क्वालिफायर चुंग हियोन से टकराएंगे।
छठे वरीय अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो को पांच सेट के मैराथन मुकाबले में 6-3, 3-6, 6-2, 2-6, 6-3 से पराजित किया। डेनिल मेदवेदेव ने बोलिविया के हुगो डेलिन को 6-3, 7-5, 5-7, 6-3 से और 2016 यूएस ओपन चैंपियन स्टेन वावरिंका ने जेरेमी चार्डी को 6-4,6-3, 6-7, 6-2 से और ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस ने फ्रांस के वाइल्डकार्ड एंटोइन होआंग को 6-4, 6-2, 6-4 से मात दी। गेल मोनफिंस, डेनिस शापोवालोव और मारिन सिलिच भी तीसरे दौर में पहुंच गए।