US Open 2019: युवा और अनुभव के बीच फाइनल मुकाबला, सेरेना के सामने बियांका की चुनौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कनाडा की युवा टेनिस सटार 19 साल की बियांका एंड्रेस्क्यू यूएस ओपन की खिताबी जंग में 37 वर्षीय सेरेना विलियम्स से भिड़ेंगी। वर्ल्ड नंबर 15 बियांका ने सेमीफाइनल में 12वें नंबर की स्विस खिलाड़ी बेलिंडा बेनकिक को 7-6, (7-3), 7-5 से हराकर यूएस ओपन के सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली कनाडा की पहली महिला खिलाड़ी हैं।
बियांका ने फाइनल मुकाबले से पहले कहा है कि सेरेना के खिलाफ यूएस ओपन में खिताबी मुकाबला खेलना किसी सपने के सच होने जैसा है।
विज्ञापन
सेरेना ने सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 6-3, 6-1 से हराकर यूएस ओपन टेनिस चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची हैं। 2019 सीजन के दौरान इंडियन वेल्स और टोरंटो खिताब जीत चुकी बियांका ने सेमीफाइनल वाली रात स्विस खिलाड़ी बेलिंडा बेनकिक के खिलाफ जबरदस्त धार वाले स्ट्रोक खेल और यूएस ओपन के फाइनल में अपनी जगह बनाई।
यूएस ओपन के फाइनल में सेरेना और बियांका के बीच मुकाबला टक्कर का होगा। एक तरफ युवा बियांका होंगी, जो साल 1999 में पैदा हुई थी, जिस वर्ष सेरेना ने अपना पहला यूएस ओपन खिताब जीता था। दूसरी ओर 23 ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना मां बनने के बाद एक बार फिर से चैंपियन बनने के लिए जोर लगा रही हैं।
रिकॉर्ड 10वीं बार यूएस ओपन के फाइनल में पहुंची सेरेना को अपने लंबे अनुभव का फायदा फाइनल में बियांका के खिलाफ मिलेगा, लेकिन जिस तरह से बियांका ने धारदार खेल दिखाया है, इससे साफ है कि राह आसान किसी के लिए भी नहीं होगी। अगर बियांका जीत जाती हैं, तो मारिया शारापोवा के बाद यहां खिताब हासिल करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगी । शारापोवा ने 2006 में अमेरिकी ओपन जीता था ।
इससे पहले बियांका और सेरेना के बीच मुकाबला रोजर्स कप में हुआ था। जहां दोनों का खिताबी जंग में आमना-सामना हुआ था, लेकिन सेरेना विलियम्स को खिताबी मुकाबले में निराशा हाथ लगी थी।
सेरेना को रोजर्स कप के फाइनल में बियांका के खिलाफ पहले सेट के दौरान ही रिटायर होना पड़ा था। उन्हें पीठ में दर्द की समस्या के चलते बीच मैच से हटने को मजबूर होना पड़ा था।जिस समय सेरेना मुकाबले से बाहर गईं थी उस समय बियांका 3-1 से आगे थी और रोजर्स कप के खिताब को अपने नाम किया था।
बियांका 50 साल में रोजर्स कप जीतने वाली कनाडा की पहली खिलाड़ी बनी थीं। वहीं सेरेना मां बनने के बाद अभी तक एक भी खिताब नहीं जीत पाई हैं, जिसकी वजह से उनपर संन्यास का भी दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यूएस ओपन के फाइनल में देखना होगा कि, कोर्ट में युवा जोश की जीत होगी या फिर अनुभव बाजी मारेगा।