{"_id":"5fb2eb7b20f2ae223099f418ca97949e","slug":"pv-sindhu-stuns-olympic-champ-xuerui-a-step-closer-to-hat-trick-of-medals-hindi-news-sv","type":"story","status":"publish","title_hn":"विश्व चैंपियनशिप: सिंधु ने ओलंपिक चैंपियन ज्युरुई को चौंकाया","category":{"title":"Sports","title_hn":"खेल ","slug":"sports"}}
विश्व चैंपियनशिप: सिंधु ने ओलंपिक चैंपियन ज्युरुई को चौंकाया
टीम डिजिटल/ अमर उजाला, दिल्ली
Updated Fri, 14 Aug 2015 11:11 AM IST
विज्ञापन
जकार्ता में खेले जा रहे विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार का दिन भारतीय महिलाओं के लिए सफलताओं भरा रहा।
विज्ञापन
जहां उदीयमान महिला बैडमिंटन स्टार खिलाड़ी पीवी. सिंधु ने ओलंपिक चैंपियन ली ज्युरुई को मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, वहीं साइना ने भी अपना प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबला आसानी से जीता। महिला डबल्स में ज्वाला-अश्विनी की जोड़ी भी अंतिम आठ में पहुंचने में कामयाब रही।
इस टूर्नामेंट में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं सिंधु लगातार तीसरे पदक से एक कदम की दूरी पर हैं।
वर्ष 2013 और 2014 में कांस्य पदक जीत चुकीं भारतीय खिलाड़ी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और पूर्व नंबर वन चीन की ली ज्युरुई को कड़े मुकाबले में 21-17, 14-21, 21-17 से शिकस्त देकर अंतिम-8 में प्रवेश किया।
विज्ञापन
टूर्नामेंट की 11वीं वरीयता प्राप्त सिंधु तीसरी वरीय ज्युरुई के खिलाफ पहला गेम जीतने में सफल रहीं लेकिन दूसरे गेम में वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं।
तीसरे और निर्णायक गेम में सिंधु ने जबर्दस्त वापसी की और मुकाबले को अपने नाम कर लिया। ज्वाला गट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी भी महिला युगल वर्ग के अंतिम-8 में पहुंच गई है। 13वीं वरीयता प्राप्त ज्वाला और अश्विनी ने आठवीं वरीयता प्राप्त जापान की रेइका काकिवा और मियुकी माएदा की जोड़ी को 21-15,18-21, 21-19 से हराया।
विज्ञापन
वहीं, विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त साइना नेहवाल भी अपने जीत के क्रम को जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। साइना ने प्री-क्वार्टर फाइनल में 14वीं वरीयता प्राप्त जापान की सयाका ताकाहाशी को 47 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18, 21-14 से शिकस्त दी।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना अगले दौर में वांग यिहान और बाए येओन के बीच खेले जाने वाले मैच की विजेता से भिड़ेंगी। साइना इस चैंपियनशिप में अब तक क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई हैं।
उधर, विश्व के तीसरी वरीयता प्राप्त कदांबी श्रीकांत और एचएस.प्रणय को प्री-क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। हांगकांग के हू यून ने श्रीकांत को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 14-21, 21-17, 23-21 से पराजित किया।
डेनमार्क के विक्टर एक्सल्सेन ने प्रणय को कड़े मुकाबले में 21-16, 19-21, 21-18 से शिकस्त दी।