{"_id":"5d8073d98ebc3e93dd48e8a2","slug":"world-wrestling-championship-vinesh-phogat-beats-rio-bronze-winner-13-0-in-opener","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"विनेश फोगाट को मौजूदा विश्व चैंपियन मुकैदा ने रौंदा, अब कांस्य के लिए आज होगा मुकाबला","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
विनेश फोगाट को मौजूदा विश्व चैंपियन मुकैदा ने रौंदा, अब कांस्य के लिए आज होगा मुकाबला
Wed, 18 Sep 2019 07:45 AM IST
अंशुल तलमले
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Published by: अंशुल तलमले
Updated Wed, 18 Sep 2019 07:45 AM IST
विज्ञापन
हार के बाद विनेश फोगाट
- फोटो : ट्विटर
भारत की शीर्ष पहलवान विनेश फोगाट मंगलवार को यहां जापान की मौजूदा चैंपियन मायु मुकैदा से हारकर विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में खिताब की दौड़ से बाहर हो गई, लेकिन वह अब रेपेचेज के जरिए कांस्य पदक के लिए अपना भाग्य आजमाएंगी। मुकैदा ने 53 किग्रा के फाइनल में जगह बनाई है जिससे विनेश की पदक और टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदें बनी हुई हैं।
विज्ञापन
केवल दो जीत से वह टोक्यो ओलंपिक में अपनी जगह पक्की कर देगी। उन्हें विश्व चैंपियनशिप में पहला पदक जीतने के लिये रेपेचेज में उक्रेन की यूलिया खावलदजी ब्लाहनिया, विश्व की नंबर एक सराह एन हिल्डरब्रैंड और यूनान की मारिया प्रेवोलाराकी को हराना होगा।
विज्ञापन
विनेश की यह इस सत्र में जापानी पहलवान के हाथों लगातार दूसरी पराजय है। इससे पहले वह चीन में एशियाई चैंपियनशिप में भी दो बार की विश्व चैंपियन से हार गयी थी। विनेश ने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में खिताब जीते हैं लेकिन, विश्व चैंपियनशिप में अभी तक पदक जीतने में नाकाम रही हैं।
विज्ञापन
एक अन्य ओलंपिक वर्ग (50 किग्रा) में सीमा बिस्ला प्री क्वार्टर फाइनल में तीन बार की ओलंपिक पदक विजेता अजरबेजान की मारिया स्टैडनिक से 2-9 से हार गई। विनेश की तरह वह भी कांस्य पदक और ओलंपिक क्वालीफिकेशन की दौड़ में बनी हुई है क्योंकि स्टैडनिक फाइनल में पहुंची गई हैं।
गैर ओलंपिक वर्ग में कोमल गोले ने तुर्की की बेस्टी अलतुग के खिलाफ बेहद रक्षात्मक रवैया अपनाया और 72 किग्रा क्वालीफिकेशन में 1-4 से हार गई जबकि ललिता को 55 किग्रा में मंगोलिया की बोलोरतुया बात ओचिर ने आसानी से 3-10 से शिकस्त दी। ललिता और कोमल दोनों प्रतियोगिता से भी बाहर हो गई हैं क्योंकि बोलोरतुया और अलतुग दोनों क्वार्टर फाइनल से आगे बढ़ने में नाकाम रही।
विनेश को 53 किग्रा में बेहद कड़ा ड्रा मिला। उन्होंने पहले दौर में रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता सोफिया मैटसन को 13-0 से हराकर शानदार शुरुआत की लेकिन विश्व में नंबर दो मुकैदा के सामने विनेश अपनी आक्रामक रणनीति पर कायम नहीं रही और 0-7 से हार गई। पहले 60-70 सेकेंड में कोई अंक नहीं बना क्योंकि तब दोनों खिलाड़ी एक दूसरे को परख रही थी। इसके बाद जापानी पहलवान ने दबदबा बनाया और विनेश ने लगातार अंक गंवाए।
विनेश को आक्रामक होने की जरूरत थी, लेकिन मुकैदा का रक्षण शानदार था। भारतीय ने दो बार मुकैदा के पांवों को कब्जे में लाने की कोशिश की लेकिन वह अंक नहीं बना पाई। मैटसन के खिलाफ विनेश ने हालांकि स्वीडिश खिलाड़ी से दूर रहकर आक्रमण करने की रणनीति अपनाई।
विनेश ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को हावी नहीं होने दिया जबकि इस बीच अच्छे आक्रमण से उन्होंने पहले 4-0 और फिर 8-0 से बढ़त बनाई। विनेश ने हाल में पोलैंड ओपन में भी विश्व चैंपियनशिप में छह बार की पदक विजेता सोफिया को हराया था। इस बीच नवीन के 130 किग्रा रेपेचेज दौर में एस्तोनिया के हीकी नबी से हारने के साथ भारत का ग्रीको रोमन में अभियान भी समाप्त हो गया।