यूएस ओपन 2018 के फाइनल में अंपायर से भिड़ना अमेरिकी दिग्गज सेरेना विलियम्स को महंगा पड़ गया। अमेरिकी टेनिस एसोसिएशन ने सेरेना नियमों को तोड़ने के लिए 17 हजार डॉलर यानि (12.26 लाख रुपए) का जुर्माना ठोका है।
एसोसिएशन ने सेरेना को तीन मामले में जुर्माना लगाया। इसमें कोचिंग लेने के लिए 2.88 लाख रुपए (4 हजार डॉलर), रैकेट पटकने के लिए 2.16 लाख रुपए (3 हजार डॉलर) और चेयर अंपायर के साथ बदसलूकी करने पर 7.21 लाख रुपए (10 हजार डॉलर) का जुर्माना शामिल है।
ओसाका ने मैच का पहला सेट आसानी से जीत लिया था। दूसरे सेट में सेरेना वापसी की कोशिशें कर रही थीं। इस दौरान उनके कोच ने टिप्स देने के लिए कुछ इशारा किया। जिसके बाद सेरेना और अंपायर कार्लोस रामोस के बीच भी गहरी तनातनी हो गई थी।
दरअसल मैच के दौरान सेरेना अपने कोच से बात कर रही थीं, तभी मैच के अंपायर कार्लोस रामोस सेरेना मैच के बीच में कोचिंग न लेने की हिदायत दी। इसके बाद सेरेना अंपायर पर काफी भड़क उठी और उन्होंने कहा, 'मैं बेईमानी नहीं करती। मैंने अपने करियर में कभी ऐसा नहीं किया।'
इसके कुछ देर बाद ही सेरेना ने एक प्वॉइंट गंवाने के बाद अपना रैकेट जमीन पर दे मारा। यह देख अंपायर ने सेरेना को चेतावनी दी और उन्हें अंक गंवाना पड़ा। इसके बाद सेरेना अंपायर कार्लोस से जा भिड़ीं और उन्हें चोर कह डाला।