Tokyo Olympics: भारत के लिए सातवां दिन शानदार, तीरंदाजी-बैडमिंटन और हॉकी में छाए भारतीय एथलीट
- टोक्यो ओलंपिक का आज सातवां दिन है।
- पीवी सिंधु ने जीत के साथ आगाज किया और अंतिम आठ में पहुंचीं।
- भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
- अतनु दास तीरंदाजी की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतिम आठ में पहुंचे।
- मुक्केबाजी की 91 किग्रा स्पर्धा में सतीश कुमार क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
- 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालीफाइंग मुकाबले में मनु भाकर पांचवें जबकि प्रिसिजन राउंड में राही सरनोबत 25वें नंबर रहीं।
- दिग्गज मुक्केबाज मैरीकॉम प्री क्वार्टरफाइनल में हारीं
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक के सातवें दिन भारत ने अच्छी शुरुआत की। स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने महिला एकल के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया को हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में दस्तक दी। जबकि अतनु दास तीरंदाजी में पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा में अंतिम आठ में पहुंचे। बॉक्सर सतीश कुमार ने 91 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के क्वालीफायर मुकाबले में मनु भाकर ने पांचवां स्थान हासिल किया। जबकि प्रिसिजन राउंड में राही सरनोबत 25वें नंबर रहीं। दिन के अंत में महिला मुक्केबाजी में भारत को उस वक्त निराशा हाथ लगी जब प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में दिग्गज मैरीकॉम को कोलम्बियाई मुक्केबाज के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
मैरीकॉम प्री क्वार्टरफाइनल में हारीं
छह बार की विश्व चैंपियन और 2012 लंदन ओलंपिक की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मैरीकॉम को प्री क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। महिला फ्लायवेट (48-51 किग्रा) स्पर्धा में उन्हें कोलम्बियाई मुक्केबाज और 2016 रियो ओलंपिक की मेडलिस्ट इन्ग्रित वेलेंशिया ने 3-2 से हराया। अंतिम 16 के मुकाबले में पहला सेट गंवाने के बाद मैरीकॉम ने जबरदस्त वापसी की और दूसरा सेट अपने नाम किया। लेकिन आखिरी सेट में एक बार फिर से इन्ग्रित उनपर भारी पड़ीं।
क्वार्टर फाइनल में पहुंची भारतीय पुरुष हॉकी टीम
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। आज टीम इंडिया ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। भारत की तरफ से वरुण कुमार, विवेक सागर प्रसाद और हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागे। जबकि अर्जेंटीना की तरफ से एक मात्र गोल कैसेला ने किया। भारतीय टीम की इस ओलंपिक में यह तीसरी जीत है।
अंतिम आठ में पहुंची पीवी सिंधु
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु अंतिम आठ में पहुंच गई हैं। उन्हें महिला सिंगल्स के अंतिम 16 मुकाबले में डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को 2-0 से शिकस्त दी। सिंधु ने पहला गेम 21-15 और दूसरा गेम 21-13 से अपने नाम किया। अब सिंधु का अगला मुकाबला यामागुची से होगा।
तीसरे दौर में पहुंचे तीरंदाज अतनु दास
अतनु दास टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने के लिए एक कदम आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने तीरंदाजी की पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे दौर में जगह बना ली। अतनु ने इस मुकाबले में कोरिया को जिन्येक ओह को शिकस्त दी। उन्होंने यह मुकाबला 6-5 से जीता। यह मैच शूटआउट तक पहुंचा जिसमें कोरिया के खिलाड़ी ने 9 और अतनु ने 10 का स्कोर हासिल किया।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचे बॉक्सर सतीश कुमार
भारत के बॉक्सर सतीश कुमार 91 किग्रा की स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने 91 किग्रा भार वर्ग के अंतिम 16 में जमैका के रिकॉर्डो ब्राउन को हराया। सतीश ने यह मुकाबला 4-1 से अपने नाम किया। सतीश ने जमैका के मुक्केबाज को पहले राउंड में 5-0 और दूसरे राउंड में 4-1 से शिकस्त दी। वह मेडल जीतने से एक कदम दूर हैं।
25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में मनु पांचवें और सरनोबत 25वें नंबर पर
महिला शूटिंग में 25 मीटर एयर पिस्टल का पहला क्वालीफायर मुकाबला गुरुवार को खेला गया। भारत की निशानेबाज मनु भाकर ने क्वालीफायर मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया। उन्होंने 300 में से 292 अंक हासिल किए। 30 जुलाई (शुक्रवार) को इस स्पर्धा का दूसरा राउंड होगा। दोनों राउंड में टॉप 8 में रहने वाले निशानेबाजों को फाइनल में जगह दी जाएगी। वहीं भारत की एक अन्य निशानेबाज राही सरनोबत प्रिसिजन राउंड में 287 अंक लेकर 25वें स्थान पर रहीं।
रोइंग में भारत पांचवें स्थान पर
पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल स्पर्धा में भारत की तरफ से अर्जुन जाट और अरविंद सिंह ने चुनौती पेश की। लेकिन यह भारतीय जोड़ी पांचवें स्थान पर रही। यह ओलंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।