बढ़ी ठंड बनी ओलंपिक तैयारियों के लिए बाधा, अब पटियाला से भुवनेश्वर जाएंगे नीरज चोपड़ा
- अब पटियाला से भुवनेश्वर भेजे जाएंगे जेवेलिन थ्रोअर
- ठंड के चलते भुवनेश्वर जाएंगे नीरज चोपड़ा, शिवपाल
- मिडिल लॉंग डिस्टेंस पटियाला से बंगलूरू जाएंगे
विस्तार
अचानक बढ़ी ठंड एनआईएस पटियाला में एथलीटों की टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों पर असर डालने लगी है। जिसके चलते एथलेटिक फेडरशेन ऑफ इंडिया ने अपने स्टार जेवेलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा, शिवपाल सिंह और अनु रानी को एनआईएस पटियाला से निकालकर भुवनेश्वर भेजने का फैसला लिया है।
टोक्यो का टिकट हासिल कर चुके नीरज और शिवपाल अपने विदेशी कोच क्लॉस बार्टिनिएट्ज और यू हॉन के साथ भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में ओलंपिक की तैयारियों को अंजाम देंगे। यही नहीं फेडरेशन ने पटियाला से मिडिल और लॉंग डिस्टेंस एथलीटों को भी साई सेंटर बंगलूरू भेजने का फैसला लिया है।
हिमा, अनस की ट्रेनिंग का समय बदला
हिमा दास, एमआर पूवम्मा, मोहम्मद अनस समेत 32 स्प्रिंटरों को त्रिवेंद्रम भेजने का फैसला लिया गया था, लेकिन वहां का ट्रैक तैयार नहीं होने के चलते उन्हें पटियाला में ही रोक दिया गया है, लेकिन उनकी ट्रेनिंग का समय सुबह 10 से दोपहर एक बजे कर दिया गया है।
उड़ीसा सरकार ने दी तैयारियों की हरी झंडी
ओलंपिक की तैयारियों के लिए एनआईएस पटियाला में एथलीटों का भारी भरकम कैंप लगा है, लेकिन इस बार उम्मीद से अधिक ठंड पडने की भविष्यवाणी अभी से रंग दिखाने लगी है। कोच और एथलीटों ने इस बारे में फेडरेशन को भी बताया कि अधिक ठंड बढ़ी तो तैयारियां का ग्राफ नीचे गिर जाएगा। फेडरेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार जेवेलिन थ्रोअरों से खास तौर पर नीरज, शिवपाल और अनुरानी से ओलंपिक में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद लगाई जा रही है। इस लिए फेडरेशन उनकी तैयारियां में किसी तरह की बाधा नहीं डालना चाहती है। इसी लिए उनकी तैयारियों केलिए भुवनेश्वर को चुना गया है। उड़ीसा सरकार से इस बारे में बात कर ली गई है। जेवेलिन थ्रोअरों के लिए स्टेडियम को तैयार कराया जा रहा है। स्टेडियम तैयार होते ही थ्रोअरों को भुवनेश्वर भेज दिया जाएगा। पटियाला में इस वक्त छह पुरुष और चार महिला जेवेलिन थ्रोअर तैयारियां कर रहे हैं। इसी तरह मिडिल लॉंग डिस्टेंस के एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट मंजीत सिंह, पीयू चित्रा समेत आठ एथलीट कोरोना के कारण बंगलूरू नहीं जा पाए, लेकिन अब उन्हें बंगलूरू भेजने की व्यवस्था हो गई है।