नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का बड़ा कैंपस खोलेगा खेल मंत्रालय, चुना यूपी का यह शहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना देश की पहली नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना इंफाल (मणिपुर) में हो चुकी है। अब पीएमओ की ही पहल पर इसके विस्तार का खाका खीचा जा चुका है। इसके लिए खेल मंत्रालय ने लखनऊ का चयन किया है। खुद यूपी सरकार ने इसके लिए मंत्रालय से पहल की है। मंत्रालय लखनऊ में यूनिवर्सिटी का बड़ा कैंपस खोलने जा रहा है। यूपी सरकार इस कैंपस के लिए जमीन देने को तैयार हो गई है। मंत्रालय की योजना साल के अंत तक लखनऊ में इस कैंपस को शुरू करने की है।
हालांकि अभी तक जमीन का चयन नहीं हुआ, लेकिन जब तक नए कैंपस की नींव नहीं रखी जाती तब तक इसे लखनऊ के स्पोर्ट्स कॉलेज में चलाए जाने की योजना बनी है। मंत्रालय का मानना है कि नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी कैंपस स्थापित होने से लखनऊ स्पोर्ट्स एजुकेशन का हब बन जाएगा।
लखनऊ में यह कैंपस स्थापित करने की एक वजह यह भी है कि इंफाल देश के दूसरे राज्यों से काफी दूर है। यूनिवर्सिटी का फायदा सभी को मिले इसी को ध्यान में रखते हुए लखनऊ कैंपस का चयन किया गया है। इसी तरह का एक अन्य कैंपस देश के दूसरे राज्य में भी स्थापित किए जाने की योजना है।
मंत्रालय ने कुछ समय पूर्व राज्यों को पत्र लिखकर यूनिवर्सिटी कैंपस के लिए जमीन देने की गुहार लगाई थी। राज्य का काम सिर्फ जमीन देना है, बाकी कैंपस का निर्माण मंत्रालय अपने बजट से कराएगा। इसमें यूपी ने हामी भरी और लखनऊ का नाम आगे बढ़ाया।
शुरूआत में चलाए जाएंगे तीन कोर्स
मंत्रालय की शुरूआत में लखनऊ कैंपस में तीन कोर्स चलाने की योजना है। इसके लिए स्पोट्र्स जर्नलिज्म, स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में एमबीए और स्पोट्र्स साइंस में एमएससी का चयन किया गया है। एक बार कैंपस शुरू होने के बाद बाकी के कोर्सेज को भी शुरू कराया जाएगा। संसद में नेशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का बिल रखा जा चुका है। इसके अगले सत्र में रखे जाने की उम्मीद है।