कोरोना वायरस की भेंट चढ़ा दिल्ली में होने वाला शूटिंग विश्व कप
- आईएसएसएफ ने 15 मार्च से होने वाले विश्व कप को अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित किया
- मई और जून माह में दो हिस्सों में हो सकता है विश्व कप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आखिर दिल्ली की कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 15 मार्च से होने वाला राइफल, पिस्टल, शॉटगन शूटिंग विश्व कप कोरोना वायरस की भेंट चढ़ गया। इंटरनेशनल शूटिंग स्पोट्र्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) की ओर से इस विश्व कप को अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दिया गया है। हालांकि इस विश्व कप के दो हिस्सों में इसी साल मई और जून माह में होने की उम्मीद है। राइफल-पिस्टल का विश्व कप मई में और शॉटगन का विश्व कप जून माह में आयोजित किया जा सकता है।
22 देश कर चुके थे किनारा या फिर नहीं मिला वीजा
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया शुरू से ही विश्व कप कराने को लेकर राजी थी, लेकिन भारत सरकार की ओर से कोरोना वायरस को लेकर समय-समय पर जारी की जा रही ट्रेवल एडवाइजरी के चलते वीजा रुकने वाले देशों की संख्या बढ़ती जा रही थी। पहले चीन समेत नौ देशों ने विश्व कप से दूरी बनाई। सरकार की एडवाइजरी के बाद ईरान, इटली, कोरिया, जापान जैसे देशों का वीजा रुक गया। इन्हीं देशों का विश्व कप में सबसे बड़ा दल आना था। विश्व कप के लिए कुल 74 देशों की एंट्री प्राप्त हुई थी, लेकिन 22 देश इससे दूर हो चुके थे। बड़े शूटिंग देशों के विश्व कप से दूर होने के चलते आईएसएसएफ ने बुधवार को इसके रैंकिंग अंक हटा लिए। यानि कि विश्व कप में खेलने का शूटरों को कोई फायदा नहीं मिलने वाला था। भारतीय शूटरों को इसका सबसे ज्यादा नुकसान था। ऐसे में शुक्रवार को आईएसएसएफ ने एनआरएआई से बात करने के बाद विश्व कप को स्थगित कर दिया।
ओलंपिक टेस्ट इवेंट भी स्थगित
सिर्फ विश्व कप ही नहीं बल्कि आईएसएसएफ ने 16 अप्रैल से टोक्यो में होने वाली ओलंपिक टेस्ट इवेंट को भी रद्द कर दिया गया। यह इवेंट उसी शूटिंग रेंज में होनी थी जहां ओलंपिक के मुकाबले आयोजित किए जाने हैं।
टॉप्स खिलाडियों को जारी की गई एडवाइजरी
टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों के लिए टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) में शामिल किए गए खिलाडियों को कोरोना वायरस से संबंधित न सिर्फ एडवाइजरी जारी की गई है बल्कि इस वायरस से कैसे बचा जाए इसकी जानकारी भी दी गई है।