अब विदेश नहीं घर में ट्रेनिंग करेंगे मुक्केबाज, टोक्यो ओलंपिक के लिए होगा बड़ा बदलाव
07 : से 21 सितंबर तक रूस में होनी हैं विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप
विस्तार
ओलंपिक की तैयारियों के लिए भारतीय खिलाड़ियों का विदेश जाना आम बात है, लेकिन अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए मुक्केबाजी में बदलाव देखने को मिलेगा। दरअसल, विदेशी मुक्केबाज प्रशिक्षण के लिए भारत आएंगे। अगले साल ओलंपिक के क्वालिफाइंग टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों को यात्रा संबंधी थकान से बचाने के लिए इस साल दिसंबर के पहले पखवाड़े में विदेशी मुक्केबाजों को भारत बुलाने की योजना है।
भारतीय मुक्केबाजी के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर सैंटियागो नीवा ने कहा, ‘हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे मुक्केबाज ज्यादा यात्रा कर थके नहीं। मौजूदा सत्र में विभिन्न टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए हम पहले से ही काफी यात्रा कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे लिए यह अच्छा होगा कि अगले साल जनवरी में होने वाले ओलंपिक क्वालिफायर के लिए घर में तैयारी करें।’ नीवा ने कहा, ‘मुझे लगता है कि दिसंबर में भारत में मौसम अच्छा रहता है। उस समय यूरोप में काफी ठंड रहती है। हमें उन देशों से सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद है जिन्हें हमने निमंत्रण भेजा है। हम उत्तरी अफ्रीका से भी टीमों को बुलाएंगे।’
मुक्केबाजों को मिल रहा है लगातार एक्सपोजर
भारतीय पुरुष और महिला मुक्केबाजों के लिए यह साल (2019) काफी व्यस्त है। उन्होंने साल के पहले तीन महीने में बुल्गारिया और फिनलैंड में टूर्नामेंटों में भाग लिया और फिर अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप हुई। इसके बाद जुलाई-अगस्त के महीने में टीम कजाखस्तान, फिलिपींस और रूस में व्यस्त रहेंगे। सितंबर में रूस में ही पुरुष और महिला विश्व चैंपियनशिप होनी है। अक्टूबर में राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन होगा।
भारत की स्टार मुक्केबाज और छह बार की विश्व चैंपियन मैरी कॉम ने कहा कि 'देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का मतलब है कि आप कड़ी मेहनत और ज्यादा प्रयास करने के लिए तैयार हैं। इस उपलब्धि के लिए सभी प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ और फेडरेशन का शुक्रिया।'
विश्व चैंपियनशिप पर हैं निगाहें
दो महीने पहले इंडिया ओपन में स्वर्ण पदक जीतने वाली मैरीकॉम ने इस प्रतियोगिता में अपनी तैयारियों को आजमाने के इरादे से हिस्सा लिया था। मणिपुर की दिग्गज मुक्केबाज ने मई में थाईलैंड में हुई एशियन चैंपियनशिप में भाग नहीं लिया था। दरअसल 36 वर्षीया मैरीकॉम रूस में सितंबर से होने वाली महिला विश्व चैंपियनशिप को लक्ष्य लेकर चल रही हैं। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कुछ समय पहले विवादों से घिरे एआईबीए से ओलंपिक दर्जा छीन लिया और अब 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाइंग और फाइनल टूर्नामेंट का आयोजन करेगा। जिससे रूस में होने वाली विश्व चैंपियनशिप अब ओलंपिक क्वालिफायर भी नहीं है।