{"_id":"60c350578ebc3e8a6469638f","slug":"india-foreign-greco-roman-coach-temo-kasarashvili-sacked-ahead-of-tokyo-olympics","type":"story","status":"publish","title_hn":"कार्रवाई: साई ने ग्रीको रोमन के विदेशी कोच टेमो कजाराशविली को किया बर्खास्त","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
कार्रवाई: साई ने ग्रीको रोमन के विदेशी कोच टेमो कजाराशविली को किया बर्खास्त
Fri, 11 Jun 2021 05:30 PM IST
मुकेश कुमार झा
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: मुकेश कुमार झा
Updated Fri, 11 Jun 2021 05:30 PM IST
सार
भारत ने सोनीपत में राष्ट्रीय शिविर में देश के ग्रीको रोमन पहलवानों को ट्रेनिंग देने के लिए फरवरी 2019 में टेमो को ओलंपिक तक नियुक्त किया था।
विज्ञापन
भारतीय खेल प्राधिकरण
- फोटो : social media
विस्तार
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसने जार्जिया के कुश्ती कोच टेमो कजाराशविली को प्रदर्शन नहीं दिखाने के लिए कार्य मुक्त कर दिया है क्योंकि कोई भी ग्रीको रोमन पहलवान टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका। भारत ने सोनीपत में राष्ट्रीय शिविर में देश के ग्रीको रोमन पहलवानों को ट्रेनिंग देने के लिए फरवरी 2019 में टेमो को ओलंपिक तक नियुक्त किया था। चार पुरूष फ्री स्टाइल पहलवानों और इतनी ही महिला पहलवानों ने ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है लेकिन देश को ग्रीको रोमन वर्ग में एक भी कोटा नहीं मिला।
विज्ञापन
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने एक बयान में कहा, 'किसी भी भारतीय ग्रीको रोमन पहलवान ने ओलंपिक खेलों के लिये क्वालीफाई नहीं किया है जिससे साई ने विदेशी कोच टेमो कजाराशविली को उनके अनुबंध से कार्य मुक्त कर दिया है।' इसके अनुसार, 'यह फैसला भारतीय कुश्ती महासंघ की सिफारिशों के बाद लिया गया है। उनका साई से अनुबंध फरवरी 2019 से लेकर ओलंपिक तक था।'
विज्ञापन
भारतीय कुश्ती महासंघ के सहायक सचिव विनोद तोमर ने फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा, 'हमने उन्हें विशेषकर ओलंपिक के लिए ही नियुक्त किया था लेकिन कोई नतीजे नहीं मिले। उनका अनुबंध इस साल अगस्त तक था लेकिन तब तक कोई राष्ट्रीय शिविर ही नहीं है तो वह अब क्या करते जब ध्यान टोक्यो ओलंपिक पर लगा हुआ है इसलिये हमने साई को बताया कि उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं है।'
विज्ञापन
तोमर ने कहा कि वे ओलंपिक के बाद नए विदेशी कोचों को नियुक्त करेंगे। महासंघ ने ईरान के हुसैन करीमी (फ्री स्टाइल) और अमेरिका के एंड्रयू कुक (महिलाओं के) को यह कहते हुए उनके कार्यकाल के बीच में ही बर्खास्त कर दिया कि उनके नखरे उठाना मुश्किल हो गया था।