बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को बड़ा झटका, वीजा न लगने पर बॉक्सरों का अमेरिकी दौरा रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एशियाई खेलों के लिए कोच सेंटियागो निएवा की बॉक्सरों को टेक्सास स्थित माइकल जॉनसन अकादमी में ट्रेनिंग कराने की हसरत पूरी नहीं हो पाएगी। बॉक्सरों को वीजा नहीं मिलने के कारण बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को अमेरिकी दौरा रद्द करना पड़ा है। अब बॉक्सरों को अमेरिका केस्थान पर बेल्लारी (कर्नाटक) स्थित जेएसडब्लू की अकादमी में ले जाए जाने का कार्यक्रम बनाया गया है।
कॉमनवेल्थ गेम्स की ऐतिहासिक सफलता के बाद दोनों विदेशी कोच सेंटियागो निएवा और राफेल बरगामास्को ने बॉक्सरों की मजबूत फिजिकल फिटनेस के लिए माइकल जॉनसन अकादमी में कंडीशनिंग कैंप लगाने का फैसला लिया था। यह कैंप एक से 18 मई को लगना था। निएवा का मानना है कि जॉनसन अकादमी दुनिया की बेहतरीन कंडीशनिंग अकादमियों में से एक है। इसी वजह से यहां 22 बॉक्सरों को ले जाने का कार्यक्रम बना था।
सूत्रों के मुताबिक सरिता देवी, अमित पंघाल, लोवलीना के पहले ही वीजा नहीं लगा था। उसके बाद कुछ अन्य बॉक्सरों के भी वीजा नहीं लग पाए और कुछ का वीजा समय से मिलने में देरी हो रही थी। इसी के चलते इस दौरे को ही रद्द करने में भलाई समझी गई। यह वही अकादमी है जिसमें सचिन तेंदुलकर टेनिस एल्बो चोट के बाद पुर्नवास के लिए गए थे।
फेडरेशन के एक अधिकारी का कहना है कि दौरे को रद्द करने के अलावा चारा नहीं था। हालांकि वहां जाने का फायदा मिलता। वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियाई खेलों के लिए बॉक्सरों की फिटनेस और शारीरिक मजबूती पर काम करना जरूरी है। यह काम अब जेएसडब्लू अकादमी में किया जाएगा।