{"_id":"58e2e61c4f1c1bf0125b4800","slug":"deepa-karmakar-out-of-asian-championship","type":"story","status":"publish","title_hn":"चोटिल दीपा कर्माकर एशियाई चैंपियनशिप से हुई बाहर","category":{"title":"Other Sports","title_hn":"अन्य खेल","slug":"other-sports"}}
चोटिल दीपा कर्माकर एशियाई चैंपियनशिप से हुई बाहर
amarujala.com- Presented by: संदीप भट्ट
Updated Tue, 04 Apr 2017 05:47 AM IST
विज्ञापन
रियो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाले प्रोडुनोवा गर्ल जिम्नास्ट दीपा कर्माकर चोटिल हो गई हैं। उनके घुटने के लिगामेंट फट गए हैं। खेल मंत्रालय की ओर से उन्हें इलाज केलिए मुंबई भेजा गया है। दीपा का इलाज जाने माने डॉक्टर अनंत जोशी कर रहे हैं।
विज्ञापन
यह वही अनंत जोशी हैं जिन्होंने कभी सचिन तेंदुलकर का इलाज किया था साथ ही वह कई जाने माने भारतीय खिलाडिय़ों का आपरेशन कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि दीपा के घुटने का आपरेशन किया जाएगा। चोटिल होने के चलते दीपा अब अगले माह बैंकाक में होने वाली एशियाई चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगी।
विज्ञापन
सूत्र बताते हैं कि आपरेशन होने पर दीपा को कुछ माह के लिए जिम्नास्टिक से दूर रहना पड़ेगा। हालांकि उनसे जुड़े सपोर्ट स्टाफ का मानना है कि आपरेशन होने की स्थिति में दीपा अगले साल होने वाले एशियाई और कॉमनवेल्थ खेलों के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएंगी, बावजूद इसके उनकी चोट को बड़ा झटका माना जा रहा है।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय को जैसे ही दीपा की चोट का पता लगा उसकी ओर से उन्हें तुरंत इलाज के लिए मुंबई भेजा गया। साथ ही दीपा का सारे इलाज का खर्च साई की ओर से वहन करने के निर्देश दिए गए।
दीपा की एड़ी में इंचियोन एशियाई खेलों से पहले भी हेयर लाइन फ्रैक्चर निकला था। बावजूद इसके इस जिम्नास्ट ने कुछ दिन के आराम के बाद एशियाई खेलों में भाग लिया था और वहां भी उन्होंने वॉल्ट में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन इस बार मामला इससे बड़ा है।
खास बात यह है कि दीपा के पास अभी समय है। यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट उनके घुटने के आपरेशन के लिए यह सही समय मान रहा है। कोच बिश्वेशर नंदी दीपा को डॉ. अनंत जोशी से दिखाने की बात स्वीकार करते हैं।
एशियाई चैंपियनशिप के लिए 17 व 18 अप्रैल को ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें दीपा को खेलना था, लेकिन अब इस ट्रायल में एशियाई और कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता और हाल ही में शादी करके लौटे आशीष कुमार खेलेंगे।