एशियाई क्वालिफायर्स से ओलंपिक में जगह बनाना होगा मुश्किल: अमित
विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज अमित पंघाल ने कहा कि अगले साल होने वाले एशियाई क्वालिफायर्स से ओलंपिक में जगह पक्की करना काफी मुश्किल चुनौती होगी लेकिन वह इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप के चैंपियन पंघाल ने कहा, 'वह विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने को लेकर आश्वस्त थे। पदक जीतना अच्छा रहा। मैंने जैसी तैयारी की थी उसके हिसाब से पदक जीतने को लेकर आश्वस्त था। इससे पहले किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने कांस्य से बड़ा पदक नहीं जीता था, इसलिए मैं कुछ अलग करना चाहता था। पदक का रंग बदलना चाहता था। विश्व चैंपियनशिप अगर ओलंपिक क्वालिफायर होता तो कम से कम 3-4 मुक्केबाजों ने कोटा हासिल किया होता। यह और भी बड़ी जीत होती। अब हमारे लिए अगली बड़ी चुनौती एशियाई ओलंपिक क्वालिफायर है। अब पूरा ध्यान उसी पर है।'
बुल्गारिया में प्रतिष्ठित स्ट्रांदजा मेमोरियल में लगातार दो बार स्वर्ण पदक हासिल करने वाले रोहतक के मुक्केबाज ने कहा,'मुझे अपना दमखम बढ़ाने पर काम करना होगा। हम जैसे-जैसे क्वालिफायर की तरफ बढ़ेंगे इसमें सुधार होगा। इसके लिए हमें पूरी तरह लय में रहना होगा। ओलंपिक तक हमें कोई भी कोताही नहीं बरतनी होगी।' ओलंपिक क्वालिफायर्स अगले साल फरवरी में एशिया/ ओशियाना क्षेत्र से शुरू होगा जिसका आयोजन फरवरी में होगा।
अमित पंघाल ने कहा, 'कम वजन वर्ग वाली स्पर्धा में एशियाई क्वालिफायर्स में प्रतियोगिता का स्तर विश्व क्वालिफायर्स की तरह ही होगा।ज्यादातर एशियाई मुक्केबाजों में ओलंपिक या विश्व चैंपियनशिप में पदक हासिल किए हैं। यह मुश्किल होगा।'
अमित-मनीष सहित विश्व चैंपियनशिप की टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में नहीं लेगी भाग
विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता अमित पंघाल और मनीष कौशिक को शिमला में चार से 10 अक्तूबर तक होने वाली सीनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लेने की छूट मिली है।
विश्व चैंपियनशिप से सोमवार को लौटने के बाद पंघाल ने कहा, 'हम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेंगे। विश्व चैंपियनशिप के लिए गई टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगी। यह शीर्ष स्तर का टूर्नामेंट था इसलिए हमें आराम दिया गया है।'
इसकी पुष्टि करते हुए हाई परफॉर्मेंस निदेशक सेंटियागो नीवा ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप से लौटी टीम के एक सदस्य को छोड़कर सभी को नहीं खेलने की स्वीकृति दी गई है। आशीष कुमार (75 किग्रा) राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाले एकमात्र मुक्केबाज होंगे।