Live
Asian Games 2026 Live: शूटिंग में भारत को पहला स्वर्ण, कमलजीत-सुरुचि का कमाल; 50 मी राइफल 3 पोजिशन में रजत आया
Asian Games Day 6 Results Medal Tally Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स के छठे दिन यानी शुक्रवार को पदक मुकाबलों का रोमांच बढ़ने वाला है। भारत के लिए यह दिन काफी व्यस्त रहने वाला है और पदक तालिका में बढ़त बनाने के कई मौके होंगे। भारत ने टेबल टेनिस और स्क्वैश में एक-एक पदक पक्का कर लिया है।
लाइव अपडेट
Asian Games 2026 Live: टेबल टेनिस में महिला एकल राउंड-2
सीरिया की हेंड जाजा के खिलाफ यशस्विनी घोरपड़े ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। भारतीय खिलाड़ी ने 11-5, 11-5, 11-8, 8-11, 11-4 से मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बनाई। अगले दौर में उनका सामना जापान की मिवा हरिमोटो से होने की संभावना है, जो विश्व नंबर-3 हैं। एक अन्य टेबल टेनिस मुकाबले में मानव ठक्कर और मनुष शाह को पुरुष युगल के दूसरे मैच में जापान के तोमोकाजु हरिमोटो और हिरोतो शिनोजुका के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।
Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में उन्नति की जीत से शुरुआत
उन्नति हुड्डा ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। उन्होंने यी मी सॉन्ग को सीधे गेमों में 21-9, 21-10 से हराया। अब अगले दौर में उनका सामना मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से होगा। उन्नति प्रतियोगिता में अपने अभियान को आगे बढ़ाना चाहेंगी।Asian Games 2026 Live: हॉकी में भारतीय महिला टीम का अजेय अभियान जारी
भारत ने महिला हॉकी प्रतियोगिता में लगातार चौथी जीत दर्ज की, हालांकि यह मुकाबला उसकी पिछली जीतों के मुकाबले काफी कड़ा रहा। लालरेमसियामी, इशिका और नवनीत ने भारत के लिए गोल किए, जबकि मेजबान जापान की ओर से शिहो कोबायाकावा ने एकमात्र गोल किया। सेमीफाइनल से पहले भारत का ग्रुप चरण में सिंगापुर के खिलाफ एक मुकाबला और बाकी है। अजेय अभियान के साथ भारत नॉकआउट चरण में पहुंचने की मजबूत स्थिति में है।
Asian Games 2026 Live: शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप और नीरज कुमार ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन फाइनल में बनाई जगह
शूटिंग में भारत के लिए आज का दिन शानदार रहा है। सुरुचि और कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्य प्रताप, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष पाटिल ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। ऐश्वर्य ने क्वालिफिकेशन में 589 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। उनसे आगे चीन के झांग चांगहोंग 593 और जियोंग सेउंगवू 592 के स्कोर के साथ रहे। नीरज कुमार 588 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे। पिछले संस्करण यानी 2022 में ऐश्वर्य ने इस स्पर्धा में रजत पदक जीता था, जबकि स्वप्निल कुसाले चौथे स्थान पर रहे थे। क्या दोनों भारतीय खिलाड़ी पोडियम पर जगह बना पाएंगे? फाइनल आज सुबह 10:30 बजे भारतीय समयानुसार होगा। टीम स्पर्धा में चीन ने स्वर्ण पदक जीता।व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्कोर:
- ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर: 589
- नीरज कुमार: 588
- रुद्राक्ष पाटिल: 585
शानदार शुरुआत के बाद तोमर को अंतिम स्टैंडिंग सीरीज में थोड़ा झटका लगा और उन्होंने 95 का स्कोर किया। हालांकि, उनका कुल स्कोर व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। कुमार ने शानदार अंदाज में अंत किया। उन्होंने अंतिम स्टैंडिंग सीरीज में दुर्लभ परफेक्ट 100 का स्कोर बनाया, जिससे उनका व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचना भी लगभग तय हो गया है। पाटिल व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में जगह बनाने से चूक गए। उनके कम स्कोर के अलावा एक देश से अधिकतम दो निशानेबाजों के ही व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचने का नियम भी उनके रास्ते में रहा।
Asian Games 2026 Live: भारत के पदक
| खेल | स्वर्ण | रजत | कांस्य | कुल पदक |
|---|---|---|---|---|
| एथलेटिक्स | 0 | 1 | 1 | 2 |
| बैडमिंटन | 0 | 0 | 1 | 1 |
| क्रिकेट | 1 | 0 | 0 | 1 |
| मिश्रित मार्शल आर्ट्स | 0 | 0 | 1 | 1 |
| रोइंग | 0 | 0 | 1 | 1 |
| शूटिंग | 1 | 5 | 4 | 10 |
| सॉफ्ट टेनिस | 0 | 0 | 1 | 1 |
| भारोत्तोलन | 0 | 1 | 0 | 1 |
| वुशु | 0 | 1 | 0 | 1 |
| कुल | 2 | 8 | 9 | 19 |
Asian Games 2026 Live: शूटिंग में भारत के अब तक के 10 पदक
| पदक | खिलाड़ी/टीम | स्पर्धा |
|---|---|---|
| स्वर्ण | कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह | 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम |
| रजत | ऐश्वर्य, नीरज, रुद्रांक्ष | 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम |
| रजत | हिमांशु ढिल्लों | 10 मीटर एयर राइफल पुरुष व्यक्तिगत |
| रजत | भारत | 10 मीटर एयर राइफल पुरुष टीम |
| रजत | भारत | 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम |
| रजत | इलावेनिल वलारिवन | 10 मीटर एयर राइफल महिला व्यक्तिगत |
| कांस्य | रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल | 10 मीटर एयर राइफल पुरुष व्यक्तिगत |
| कांस्य | भारत | स्कीट पुरुष टीम |
| कांस्य | भारत | स्कीट महिला टीम |
| कांस्य | भारत | स्कीट मिश्रित टीम |
Asian Games 2026 Live: शूटिंग में 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम स्पर्धा में भारत को रजत
ऐश्वर्य प्रताप सिंह और नीरज कुमार ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। ऐश्वर्य, नीरज और रुद्रांक्ष पाटिल की भारतीय 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम ने रजत पदक जीता। भारत लंबे समय तक टीम क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर था, लेकिन स्टैंडिंग पोजिशन में रुद्रांक्ष के स्कोर में गिरावट के बाद चीन ने बढ़त बना ली। यह भारत का इस एशियाड में 19वां पदक रहा। शूटिंग में यह 10वां पदक है। इससे पहले 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड स्पर्धा में कुछ देर पहले ही भारत को स्वर्ण आया था। भारत के खाते में अब दो स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य हैं।
Asian Games 2026 Live: भारत को शूटिंग में स्वर्ण
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में पहले स्वर्ण का इंतजार खत्म हो गया है। भारत ने इस एशियाड में अपना पहला स्वर्ण पदक और शूटिंग में ओवरऑल नौवां पदक जीत लिया है। कमलजीत और सुरुचि इंदर सिंह की भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।फाइनल में चार टीमें शामिल थीं और भारत ने 484.6 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया 478.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा और रजत पदक जीता, जबकि ईरान ने 415.8 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य जीता। इंडोनेशिया 349.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा।
भारत का 484.6 का स्कोर नया एशियन रिकॉर्ड भी है। इससे पहले एशियन रिकॉर्ड उज्बेकिस्तान के नाम था। उन्होंने इसी साल फरवरी में 481.3 स्कोर किया था। अब कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी के नाम यह रिकॉर्ड है। यह इन एशियन गेम्स में भारत का दूसरा स्वर्ण है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण जीता था। वहीं, यह भारत का इस एशियाड में 18वां पदक रहा। शूटिंग में यह नौवां पदक है।
Asian Games 2026 Live: शूटिंग में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड स्पर्धा में भारत का पदक पक्का
इंडोनेशिया शीर्ष तीन की दौड़ से बाहर हो गया है, जिससे भारतीय टीम का पदक पक्का हो गया है। भारत की बढ़त अब 7.1 अंक की है और एक सीरीज बाकी है। क्या कमलजीत और सुरुचि बढ़त बरकरार रखते हुए स्वर्ण पदक जीत पाएंगे?
Asian Games 2026 Live: शूटिंग में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में भारत बढ़त पर
तीसरी सीरीज जारी है और भारत बढ़त पर है। कमलजीत और सुरुचि ने पहली सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन दूसरी सीरीज उतनी अच्छी नहीं रही। इससे दक्षिण कोरिया ने अंतर कम कर दिया। हालांकि, तीसरी सीरीज में भारतीय जोड़ी ने 101.1 का स्कोर किया और शीर्ष स्थान बरकरार रखा। क्या भारत स्वर्ण पदक जीत पाएगा?