एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप: दूसरे दिन अवारे, दीपक और सुमित ने जीते कांस्य पदक
अमित धनखड़ (74 क्रिगा) और विक्की (92 किग्रा) को एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के फाइनल में हारकर रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन राहुल अवारे (61 क्रिगा), दीपक पुनिया (86 किग्रा) और सुमित मलिक (125 किग्रा) के खाते में कांस्य पदक आए।
इससे भारतीय फ्री स्टाइल पहलवानों ने एक स्वर्ण तीन रजत और चार कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते। एशियाई चैंपियनशिप 2013 के स्वर्ण पदक विजेता अमित को खिताबी मुकाबले में कजखस्तान के डेनियार केसानोवा के हाथों 0-5 से हार मिली।
हरियाणा के 28 वर्षीय अमित ने क्वालिफिकेशन में ईरान के मोहम्मद असगर नोखोदिलारिकी को 2-1 से हराकर शुरुआत की। क्वार्टर फाइनल में उन्हें पसीना नहीं बहाना पड़ा, जब उनके प्रतिद्वंद्वी जापान के युही फुजिनामी चोटिल होकर बाहर हो गए। सेमीफाइनल में अमित ने किर्गिस्तान के इलगिज झाकिपबेकोव को 5-0 से हराया। विक्की को फाइनल में ईरान के करिमिमाचाईआनी से 0-11 से हार मिली। उन्होंने सेमीफाइनल में चीन के शिओ सुन को 3-2 से हराया।
गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों की 57 किग्रा स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाले अवारे ने प्ले ऑफ में कोरिया के जिनचियोल किम को 9-2 से शिकस्त दी। अवारे ने क्वालिफिकेशन में उज्बेकिस्तान के जाहोनगिरमिर्जा तुरोबोव को तकनीकी दक्षता (10-0) के आधार पर हराया। हालांकि अवारे को क्वार्टर फाइनल में ईरान के ऐशाग अहसनपुर से हार मिली। अहसनपुर के फाइनल में पहुंचने से अवारे को रेपचेज में थाईलैंड के सिरीपोंग जुमपाकम के खिलाफ खेलने का मौका मिला। उन्होंने यह मुकाबला 12-1 से तकनीकी दक्षता के आधार पर जीता।
दीपक व सुमित 8-2 से जीते
दीपक और सुमित ने कांस्य पदक के प्लेऑफ के अपने-अपने मुकाबले एक समान अंतर से जीते। दीपक ने ताजकिस्तान के कोदिरोव बाखोदुर को 8-2 से और राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन सुमित ने ताजकिस्तान के ही अनाकुलोव फरखोद को इतने ही अंतर से हराया।
काकरान व सीमा आज उतरेंगी मैट पर
चैंपियनशिप के तीसरे दिन दिव्या काकरान (68 किग्रा), सीमा (50 किग्रा), ललिता शेहरावत (55 किग्रा), मंजू (59 किग्रा) और पूजा (76 किग्रा) मैट पर उतरेंगी।