विंटर गेम्स के लिए सोलंगनाला में पहुंचे देश भर के खिलाड़ी
बर्फ से लकदक सोलंगनाला की स्की ढलान में देशभर के सैलानियों का डेरा लग गया है। हिमाचल समेत देश के अन्य राज्यों के खिलाड़ियों के साथ सेना और अर्द्धसैनिक बल के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय विंटर गेम्स में भाग लेंगे। वीरवार को खिलाड़ियों ने सोलंगनाला की स्की ढलान पर खूब पसीना बहाया। पहली बार यह आयोजन भारतीय ओलंपिक संघ के बैनर तले हो रहा है। हिमाचल विंटर गेम्स एसोसिएशन, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण खेल संस्थान मनाली, राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल कमेटी मिलकर प्रतियोगिता करवा रहे हैं। एक से छह फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय विंटर गेम्स का शुभारंभ वन एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर शुक्रवार को करेंगे।
देश भर से प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
1971 में सोलंगनाला में स्कीइंग शुरू हुई थी। 1977 में पश्चिमी हिमालय पर्वतारोहण खेल निदेशालय मनाली के तत्कालीन निदेशक हरनाम सिंह के प्रयासों से लोगों को स्कीइंग के प्रति आकर्षित करने के लिए विंटर कार्निवाल के दौरान स्कीइंग प्रतियोगिता करवाई थी।
अब यह स्कीइंग ढलान विश्वभर में विख्यात है। यहां से निकले दर्जनों खिलाड़ी राष्ट्रीय, एशियन और ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण खेल निदेशालय के संयुक्त निदेशक अश्वनी कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय विंटर खेलों के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ ने सोलंग स्की ढलान में आयोजन को हरी झंडी दी है। छह दिवसीय विंटर गेम्स में हिमाचल के 31 विंटर स्पोर्ट्स क्लबों के अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसएसबी समेत देश के सैकड़ों प्रतिभागी ले रहे हैं।